भाजपा और राजद छोड़ समर्थकों के साथ कांग्रेस में हुए शामिल

झारखंड
Spread the love

गिरिडीह। जिले के जमुआ प्रखंड के भाजपा के युवा नेता मारुतिनंदन पाण्डेय, राजद के युवा नेता विकास कुमार यादव समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गये। पार्टी के प्रखंड, जिलाध्यक्ष और अन्‍य नेताओं की कार्यशैली से विक्षुब्ध होकर उन्‍होंने यह कदम उठाया। बुधवार को दीपक कुमार वर्मा, बबलू यादव, निकेत वर्णवाल, आशुतोष पाण्डेय सहित अन्‍य समर्थकों के साथ उन्‍होंने कांग्रेस का दामन थामा। पार्टी जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा, नेत्री डॉ मंजू कुमारी ने उनका स्‍वागत किया।

उक्त अवसर पर जमुआ विधानसभा प्रभारी सतीश केडिया, उपेंद्र सिंह, महबूब अली खान, स्वास्थ्य विभाग के जिला सचिव रामानंद कुशवाहा, जमुआ प्रखंड उपाध्यक्ष विवेक आनंद कुशवाहा आदि मौजूद थे। जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा और डॉ मंजू कुमारी ने कहा कि मारुतिनंदन और विकास के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

कांग्रेस का दामन थामने के बाद मारुतिनंदन पाण्डेय और विकास कुमार यादव ने भाजपा, राजद के जिलाध्यक्ष पर कड़ा प्रहार कि‍या। उन्‍होंने कहा कि भाजपा धर्म और राजद सेक्युलर की आड़ में जनता को दिग्भ्रमित कर अपनी रोटी सेकती है। महंगाई चरम सीमा पर है, परंतु मोदी सरकार कारपोरेट के इशारे से नियंत्रित होकर देश को गर्त की ओर धकेल रही है। कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है, जो गलत का पुरजोर मुखालफत करते आ रही है।