सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

अन्य राज्य नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस के भीतर नया सियासी भूचाल आ गया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद अब नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि सिद्धू ने कहा है कि वे पार्टी में बने रहेंगे।

इससे पहले पंजाब कांग्रेस के प्रभार हरीश रावत ने कहा था कि राज्य विधानसभा के आने वाले चुनाव पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी को संबोधित किए गए त्यागपत्र में लिखा है कि वे पंजाब के भविष्य और लोगों के भले से समझौता नहीं कर सकते। समझौता करने से इंसान का चरित्र खत्म होता है। मैं कांग्रेस के लिए काम करता रहूंगा।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया है कि मैंने पहले ही कहा था कि सिद्धू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। सिद्धू को 18 जुलाई को ही पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। सिद्धू के मीडिया एडवाइजर सुरिंदर डल्ला के मुताबिक, नई सरकार ने कांग्रेस हाईकमान के नए 18 सूत्रीय फार्मूले पर कोई काम नहीं किया। पिछले 5 दिनों में नई सरकार में ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला।

इस्तीफे की वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि सिद्धू उन्हें CM नहीं बनाए जाने से नाराज चल रहे थे। इसके बाद मंत्री पद और मंत्रालय बंटवारे में सिद्धू की नहीं चली।