Jharkhand: चार केंद्रीय कारा में 600 कक्षपालों की होगी नियुक्ति, जानें योग्यता

झारखंड
Spread the love

रांची। मैन पावर की कमी झेल रहे झारखंड के चार केंद्रीय कारा में 600 भूतपूर्व सैनिकों की नियुक्ति होगी। इनमें रांची बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, केंद्रीय कारा दुमका, केंद्रीय कारा हजारीबाग और केंद्रीय कारा घाघीडीह जमशेदपुर शामिल हैं। ये नियुक्ति संविदा के आधार पर एक साल के लिए होगी।

हालांकि, आवश्यकता के अनुसार अनुबंध की अवधि को विस्तारित किया जायेगा और नियमित नियुक्ति होने पर अनुबंध पर रखे गये भूतपूर्व सैनिकों की सेवा समाप्त कर दी जायेगी। इसको लेकर गृह कारा आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।

गृह कारा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अनुबंध पर नियुक्त किये गये भूतपूर्व सैनिकों को 20 हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिया जायेगा। प्रत्येक वर्ष सेवा अवधि के उपरांत निर्धारित मानदेय में आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी की जायेगी।

अनुबंध पर रखे गये इन कर्मियों को एक वर्ष में केवल 20 दिन का क्षतिपूर्ति अवकाश देय होगा। सरकारी ड्यूटी के दौरान नियमानुसार यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता देय होगा। ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर राज्य पुलिस कर्मियों को जो अनुग्रह अनुदान देय है, वह उन्हें भी देय होगा, लेकिन आश्रितों को नौकरी देने का कोई प्रावधान नहीं होगा।