राजकीय सम्‍मान के साथ कल शाम 4.30 बजे बोकारो में होगी जगरनाथ महतो की अंत्‍येष्टि

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की अंत्‍येष्टि कल यानी 7 अप्रैल को राजकीय सम्‍मान के साथ बोकारो में होगी। इसकी जानकारी कार्मिक विभाग के संयुक्‍त सचिव अखलेश कुमार सिन्हा ने बोकारो उपायुक्‍त और पुलिस अधीक्षक को दी है।

संयुक्‍त सचिव ने पत्र में लिखा है कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री जगरनाथ महतो का निधन 6 अप्रैल, 2023 को प्रातः एमजीएम अस्पताल, चेन्नई में हो गया है। प्रासंगिक पत्र द्वारा दिवंगत मंत्री की अंत्येष्टि 7 अप्रैल, 2023 को अपराह्न 4.30 बजे बोकारो के भण्डारीदह में किये जाने की सूचना दी गई है।

संयुक्‍त सचिव ने लिखा है कि दिवंगत मंत्री की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया गया है। दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ करने के लिए आवश्यक कार्रवाई ससमय सुनिश्चित करने की कृपा की जाय।

जानकारी हो कि दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को कल विमान से रांची लाया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को विधानसभा में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। सुबह करीब 7.30 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट जाकर उनके पार्थिव शरीर को लेकर विधानसभा जायेंगे।

विधानसभा में अंतिम दर्शन के उपरांत दिवंगत जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर को  पार्टी कार्यालय होते हुए उनके गांव ले जाया जाएगा। पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।