आज राम रहीम की सजा का होगा ऐलान, पंचकूला में धारा 144 लागू

अन्य राज्य अपराध मुख्य समाचार
Spread the love

पंचकूला। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की सजा का आज ऐलान होगा। पूर्व डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या मामले में दोषी करार दिए गए थे। इसी के मद्देनजर पुलिस ने हरियाणा के पंचकूला में कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किये हैं।

मंगलवार को सीबीआई कोर्ट गुरमीत राम रहीम सिंह समेत 5 दोषियों के खिलाफ इस मामले में सजा सुनाएगी। साल 2002 में रंजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पंचकूला पुलिस द्वारा शहर में 17 पुलिस नाके लगाए गए हैं जिसमें 700 जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस ने पूरे शहर में धारा 144 लागू कर दी है। आज की सुनवाई के दौरान मुख्य दोषी बलात्कारी गुरमीत राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होंगे। बहुचर्चित रंजीत सिंह हत्या मामले में 19 साल बाद सीबीआई की विशेष अदालत बलात्कारी गुरमीत राम रहीम, कृष्ण लाल, अवतार, जसवीर और सबदिल के खिलाफ मंगलवार को सजा सुनाएगी। जबकि आरोपी कृष्णलाल, अवतार, जसवीर और सबदील प्रत्यक्ष रूप से सीबीआई कोर्ट में पेश होंगे। पुलिस द्वारा उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेशी के लिए लाया जाएगा।

इससे पहले 25 अगस्त 2017 को राम रहीम सिंह को दो साध्वियों के यौन शोषण मामले में दोषी करार दिया था। इसके बाद पंचकूला समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पांच अन्य राज्यों में हिंसा भड़क गई थी। पंचकूला में दंगाई कई घंटे तक हिंसा करते रहे। इसमें करीब 30 लोगों की जान गई, जबकि 250 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।