कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व सांसद सूरजभानु सोलंकी का हृदयाघात से निधन

देश मध्य प्रदेश मुख्य समाचार
Spread the love

भोपाल। कांग्रेस के कद्दावर नेता और धार-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से दो बार सांसद रहे सूरजभानु सोलंकी का 54 वर्ष की आयु में रविवार सुबह भोपाल में हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन से प्रदेश में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने उनके निर्धन पर दुख व्यक्त किया है।

जानकारी के मुताबिक पूर्व सांसद सूरजभानु सोलंकी रविवार सुबह अपने भोपाल स्थित निवास से मार्निंग वाक के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया। बताया जा रहा है कि घबराहट होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूरजभानु सोलंकी का परिवार दिल्ली में होने के कारण अभी तय नहीं हो पाया है कि उनका अंतिम संस्कार कहां होगा। उनके पुत्र भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं। उनके यहां पहुंचने के बाद तय किया जाएगा कि उनका अंतिम संस्कार भोपाल या फिर उनके पैतृक गांव धार जिले के गंधवानी तहसील के मानवा में किया जाएगा।

गौरतलब है कि सूरजभानु सोलंकी का जन्म 4 अप्रैल 1960 में भोपाल में हुआ था। वे पायलट भी रह चुके थे। वे मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री रहे शिवभानु सोलंकी के पुत्र थे। साल 1989 में वे पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़े थे और रामशिला पूजन के साथ ही राम लहर के बावजूद 35000 मतों से विजयी हुए थे। वे लगातार दूसरी बार 1991 में सांसद चुने गए। इस बार उन्होंने भाजपा के धीरेंद्र सिंह चौहान को हराया था। इसके बाद 1996 के लोकसभा चुनाव में वे छतरसिंह दरबार से चुनाव हार गए थे। वे पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव सरकार के दौरान मध्य प्रदेश संसदीय दल के नेता रहे थे। दिवंगत सोलंकी अनेक भाषाओं के जानकार और विधि स्नातक कांग्रेस के बहुत ही होनहार नेताओं में गिने जाते थे और गांधी परिवार के नजदीकी नेताओं में उनकी गिनती रही। सांसद की अनेक समितियों के सदस्य रहे और अंतरराष्ट्रीय संसदीय डेलिगेशन के सदस्य के रूप में यात्राएं भी की, सबसे कम उम्र में पायलट और सांसद बने।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सांसद सोलंकी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया है कि ‘धार के पूर्व सांसद श्री सूरजभान सोलंकी जी के निधन का दुखद समाचार मिला।  ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!’ पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा है कि पूर्व सांसद सूरजभानु सोलंकी के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे।’