लोहरदगा : सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत के बाद मुख्य मार्ग जाम

झारखंड
Spread the love

  • मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने और सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और समर्थकों ने शंख पिकेट के समीप लोहरदगा-रांची-लातेहार मुख्य मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर दिया।

मृतकों की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के बंदुआ, दुबांग निवासी बजरंग मुंडा (पिता झुनवा मुंडा) और जगेश मुंडा (पिता विफई मुंडा) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम और आक्रोश का माहौल है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

जानकारी के अनुसार, रविवार को अज्ञात वाहन और बाइक के बीच हुई सीधी टक्कर में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे चचेरे भाई ने इलाज के दौरान रांची में दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर शंख पिकेट पहुंचे, तो उन्होंने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।

प्रदर्शनकारी और परिजन मृतकों के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे, एक सरकारी नौकरी तथा दुर्घटना में शामिल अज्ञात हाइवा वाहन की पहचान कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

हिंडाल्को और बीकेबी पर उठे सवाल

सड़क जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे जेएलकेएम नेता किशोर उरांव ने बॉक्साइट ढुलाई और भारी वाहनों की रफ्तार को लेकर हिंडाल्को और बीकेबी कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा के दोहन में जुटी कंपनियों द्वारा ओवरलोड हाइवा और भारी वाहनों को तेजी से निकालने की होड़ में आम जनता और गरीब आदिवासियों की जान की लगातार अनदेखी की जा रही है।

थाना प्रभारी को निलंबित करें

उन्होंने सदर थाना प्रभारी को निलंबित करने की भी मांग की, आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार बिना खाए-पीए सड़क पर बैठा था, लेकिन पुलिस अधिकारियों द्वारा उनकी सुधि लेने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वे लोग सड़क से नहीं हटेंगे।

प्रशासन कर रहा समझाने का प्रयास

सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, सदर थाना प्रभारी रत्नेश ठाकुर और कुडू थाना प्रभारी नीरज झा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा लगातार परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

सड़क जाम होने के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हमारे साथ जुड़ें

व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *