बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में एग्रोटेक किसान मेला कल से, ये होंगे मुख्‍य आकर्षण

कृषि झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कांके स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में एग्रोटेक किसान मेला 2024 का आयोजन 2 से 4 मार्च तक किया जा रहा है। मेला का केन्द्रीय विषय वस्तु ‘कृषि नवाचारों द्वारा पोषण, आय व रोजगार संवर्धन’ है। इसका उद्देश्‍य किसान, कृषक महिला एवं युवा उद्यमियों को उन्नत कृषि, पशुपालन, वानिकी, डेयरी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि यंत्रीकरण, खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्द्धन तथा घरेलू एवं अन्य कुटीर उद्योगों से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी देना है।

मेला में 130 स्टॉल लगाये जा रहे

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुनील चन्द्र दुबे ने 1 मार्च को मीडिया को बताया कि मेला में 130 स्टॉल लगाये जा रहे हैं। इसमें बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभाग, संकाय, 11 महाविद्यालय, इकईयां, तीन क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र और 24 कृषि विज्ञान केन्द्रों के अलावा झारखंड में कार्यरत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के शोध संस्थान, कृषि से संबंधित विभाग, बीज, कृषि यंत्र एवं उर्वरकों के निर्माता एवं बिक्रेता, बैंक एवं वित्तीय संस्थान और स्वयंसेवी संगठन अपनी तकनीक, सेवाएं एवं उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।

केंद्रीय कृषि मंत्री करेंगे उद्घाटन

डॉ दुबे ने बताया कि मेला का उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा 2 मार्च को अपराह्न 2 बजे करेंगे। रांची के सांसद संजय सेठ, कांके के विधायक समरी लाल, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजित कुमार सिन्हा, भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान (नामकुम) के निदेशक डॉ सुजय रक्षित इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि होंगे।

समापन पर आएंगे राज्‍यपाल

कुलपति ने बताया कि 4 मार्च को अपराह्न 3 बजे से आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भाग लेंगे। विशिष्ट अतिथि झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख होंगे। मेला के दूसरे दिन 3 मार्च को पशु-पक्षी प्रदर्शनी के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्रनाथ महतो और महिला कृषक गोष्ठी की मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य डॉ महुआ माजी होंगी।

सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

इस अवसर पर फल, फूल, सब्जी, मसालों, सजावटी, औषधीय एवं सगंधीय पौधों से संबंधित उद्यान प्रदर्शनी, पशु-पक्षी प्रदर्शनी, कृषि यंत्र प्रदर्शनी, किसान गोष्ठी, प्रायोगिक प्रक्षेत्रों का परिभ्रमण, महिला कृषक संगोष्ठी का भी आयोजन किया जा रहा है। तीनों दिन किसानों के लिए कृषि तकनीकों से संबंधित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं द्वारा 3 एवं 4 फरवरी को गीत-संगीत, नृत्य, नाटक से युक्त सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस राज्यस्तरीय आयोजन में प्रांत के विभिन्न जिलों के किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

निदेशक और डीन भी मौजूद

इस अवसर पर निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ जगरनाथ उरांव, विश्वविद्यालय के कृषि डीन डॉ डीके शाही, वानिकी डीन डॉ एमएस मलिक, वेटनरी डीन डॉ सुशील प्रसाद और डॉ एमके गुप्ता उपस्थित थे।

मेला के मुख्य आकर्षण

  • धान्य, दलहनी एवं तेलहनी फसलों की उत्पादन तकनीक और फूलों एवं सब्जियों की संरक्षित खेती का जीवंत प्रदर्शन।
  • विश्वविद्यालय एवं अन्य सार्वजनिक एवं निजी संस्थानों द्वारा कृषि यंत्र, कृषि रसायन, कृषि साहित्य का प्रदर्शन एवं बिक्री।
  • फसल एवं सब्जियों के संकर बीज एवं पौध सामग्री की प्रदर्शनी एवं बिक्री।
  • मिट्टी एवं जल की नि:शुल्क जांच सुविधा।
  • पशु रोगों की जांच एवं निदान के लिए परामर्श। पशु पालन, प्रबंधन एवं पोषण सम्बन्धी तकनीकी परामर्श।
  • सामुदायिक विज्ञान विभाग द्वारा द्वारा निर्मित मिलेट्स के विभिन्न मूल्य संवर्धित उत्पादों की बिक्री।
  • किसानों एवं वैज्ञानिकों और कृषि उद्योग से संबंधित उद्यमियों से सीधी चर्चा तथा किसान गोष्ठी एवं महिला कृषक गोष्ठी।
  • किसानों द्वारा उत्पादित कृषि उत्पादों एवं मूल्य संवर्द्धित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री।
  • प्रयोगात्मक प्रक्षेत्रों का परिभ्रमण।
  • प्रगतिशील एवं नवोन्मेषी किसानों का एग्रोटेक मंच से सम्मान।
  • कृषि तकनीकों पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन।
  • सांस्कृतिक संध्या।

यहां सीधे पढ़ें अन्‍य खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़े
https://chat।whatsapp।com/DHjL9aXkzslLcQKk1LMRL8