शिबू के जन्मदिन पर तीन पुस्तकों का लोकार्पण करेंगे हेमंत

झारखंड
Spread the love

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 11 जनवरी, 2021 को राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के जन्मदिन के अवसर पर उनसे संघर्ष से जुड़ी तीन पुस्तकों का लोकार्पण करेंगे। अनुज कुमार सिन्हा ने इन तीनों पुस्तकों को लिखा है।

इन पुस्तकों का होगा लोकार्पण

राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की जीवनी पर आधारित पुस्तकों में दिशोम गुरु: शिबू सोरेन (हिंदी), ट्राइबल हीरो : शिबू सोरेन (अंग्रेजी) और सुनो बच्चों, आदिवासी संघर्ष के नायक शिबू सोरेन (गुरुजी) की गाथा शामिल हैं।

दिशोम गुरु : शिबू सोरेन नामक यह पुस्तक मूलत: शिबू सोरेन के जीवन के संघर्ष की गाथा है। पुस्तक में इस बात की विस्तार से चर्चा की गयी है कि किन हालातों में श्री सोरेन को स्कूल छोड़ कर महाजनी प्रथा के खिलाफ आंदोलन में उतरना पड़ा। कैसे उन्होंने आदिवासियों को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाया। कैसे धान काटो आंदोलन चलाया। उनका लंबा समय पारसनाथ की पहाड़ियों और जंगलों में बीता। कैसे शिबू सोरेन ने आदिवासी समाज को एकजुट कर सामाजिक बुराइयों को दूर करने का अभियान चलाया। पुस्तक में इस बात का जिक्र है कि कैसे उन्होंने विनोद बिहारी महतो और एके राय के साथ मिल कर झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन किया। पुस्तक में उनके राजनीतिक जीवन का भी विस्तार से वर्णन है। उनके जीवन की रोचक और दुर्लभ तसवीरें भी उपलब्ध हैं।
ट्राइबल हीरो : शिबू सोरेन नामक पुस्तक हिंदी का अंग्रेजी में अनुवाद है। तीसरी पुस्तक में श्री सोरेन के संघर्ष को चित्रावली के माध्यम से बच्चों को बताने का प्रयास किया गया है।