अंतिम व्यक्ति को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है : हेमन्‍त सोरेन

झारखंड
Spread the love

  • मुख्यमंत्री लोहरदगा के चीरी में आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल

लोहरदगा। आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार अभियान का यह तीसरा चरण है। अभियान में शामिल होने के लिए आज लोहरदगा आया हूं। राज्यवासियों के द्वार तक राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का यह लगातार तीसरा साल है। यह आदिवासी-मूलवासी की सरकार है। अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। ये बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कही। मुख्यमंत्री 28 नवंबर को लोहरदगा के चीरी, कुड़ू में आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि तीसरे चरण में आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पंचायत और वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित हो रहें हैं। जहां पदाधिकारी नहीं जाते थे, आज वे योजनाएं लेकर आपके बीच आ रहें हैं, ताकि राज्य के आदिवासी, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक को उनका अधिकार और योजनाओं का लाभ मिले।

झारखंड की जड़ों को मजबूत करना है

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके गांव, पंचायत में हमने पदाधिकारियों को योजनाओं की गठरी बांधकर भेजने का काम किया है। पूर्व की सरकारों ने कभी गांव, गरीब, किसान सहित आम जनता की सुध लेने का काम नहीं किया। यही कारण है कि लाखों आवेदन शिविरों में आये। पूर्व की सरकार कभी पदाधिकारियों को गांव, पंचायत में भेजने का काम नहीं करती थी। हमने यह सब बदला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लाखों जरूरतमंद लोगों को अधिकार मिल रहा है। पदाधिकारी आमजन की सेवा कर रहे हैं। सरकार की योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए है। हमें यहां की जड़ों को मजबूत करना है। जड़ यहां के किसान, श्रमिक, नौजवान हैं।

पांच वर्ष के दिव्यांग को मिलेगी पेंशन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब पांच वर्ष उम्र के दिव्यांग को भी पेंशन देगी। प्रथम चरण के अभियान के सबसे अधिक आवेदन पेंशन के लिए आए थे। सरकार ने इसकी जानकारी जुटाई। इस पर विचार करते हुए सभी वृद्ध को, विधवा महिला को पेंशन देने का कानून बनाया। अब सभी को ससमय पेंशन का लाभ मिल रहा है। हमने इसके लिए तय संख्या की बाध्यता को समाप्त कर दिया।

ग्राम गाड़ी योजना का मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा झारखंड के जरूरतमंदों के लिए आठ लाख आवास की स्वीकृति केंद्र सरकार ने नहीं दी। अब हमारी सरकार राज्य संपोषित अबुआ आवास योजना के तहत अहर्ता प्राप्त जरूरतमंद को योजना से आच्छादित कर रही है। यह तीन कमरों का सुसज्जित आवास होगा। आवास आवंटन की प्रक्रिया भी आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में शुरू हो चुकी है।

केंद्र सरकार की अनदेखी के बाद यहां के लोगों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार के लिए जरूरी था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्राम गाड़ी योजना शुरू कर रही है, जिसमें वृद्ध, आंदोलनकारी समेत अन्य को निःशुल्क बस सेवा प्रदान की जाएगी। ताकि ये भी शहर से जुड़ सकें।

मिलेगा वन पट्टा, खिलाड़ियों को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वनों पर निर्भर रहने वालों को वन पट्टा देने के लिए अबुआ बीर अबुआ दिशोम अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अहर्ता प्राप्त लोगों को वन पट्टा दिया जा सके। इस अभियान को हमें पूरा करना है। खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। देश में पहली बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी का साक्षी झारखंड बना। आपकी सरकार ने खिलाड़ियों को मिलने वाली सम्मान राशि में बढ़ोतरी की है। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी मिली है।

मंत्री, राज्‍यसभा सांसद सहित ये मौजूद

इस मौके पर मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, गुमला विधायक भूषण तिर्की, पूर्व विधायक सुखदेव भगत, पूर्व विधायक बंधु तिर्की, जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती रीना भगत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीमती वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, लोहरदगा उपायुक्त, आरक्षी अधीक्षक एवं हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।

133 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

मुख्‍यमंत्री ने ₹133 करोड़ की 21 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्‍होंने 80,208 लाभुकों के बीच ₹132 करोड़ की परिसंपत्ति का वितरण किया। मौके पर लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया।

यहां सीधे पढ़ सकते हैं खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।