पुलिस के सामने लूटपाट का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों ने चाकू से गोदा, मौत

अपराध बिहार
Spread the love

पटना। बिहार में अपराधी पूरी तरह से बेलगाम हो गये हैं। पुलिस का खौफ इनमें थोड़ा सा भी नहीं है। दिनदहाड़े किसी भी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इससे अमन परस्त लोग दहशत में जीने को विवश हैं।

ताजा मामला बिहटा थाना इलाके का है। यहां बेखौफ बदमाशों ने आनंदपुर बिंद टोली बांध के पास चाकू गोदकर 40 वर्षीय भीम सिंह की हत्या कर दी। वो मूल रूप से भोजपुर के सेमरा गांव निवासी स्व. जवाहर प्रसाद यादव के पुत्र थे। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि भीम सिंह यादव को अपराधियों ने गोली भी मारी है, लेकिन पुलिस गोली मारने की पुष्टि नहीं कर रही है। बताया जा रहा है कि आरा के सिमरी गांव निवासी भीम सिंह यादव शनिवार की देर रात अपने मित्र अशोक कुमार राय के साथ दानापुर स्टेशन पहुंचे थे।

परिजनों ने बताया कि अशोक राय को अपने साथ बाइक से लेकर भीम सिंह यादव मनेर के आनंदपुर बस्ती होते हुए बिंद टोला गांव से गुजर रहे थे। इसी क्रम में अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने भीम सिंह यादव और अशोक राय से लूटपाट शुरू कर दी। इसी क्रम में भीम सिंह यादव ने अपराधियों का विरोध शुरू कर दिया और उठापटक शुरू हो गई।

इस बीच मौका मिलते ही भीम सिंह यादव का दोस्त अशोक वहां से भाग निकला। अकेले भीम सिंह यादव चार अपराधियों से उठापटक करते रहे। इस बीच एक अपराधी ने पास से चाकू निकालकर भीम सिंह यादव को गोद डाला, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।