चिंतनीयः झारखंड में तीन दिनों से संक्रमितों की संख्या में वृद्धि, जानें किस जिले में कितने मरीज

झारखंड मुख्य समाचार सेहत
Spread the love

रांची। सतर्कता के अभाव में झारखंड में पिछले तीन दिनों से कोरोना संक्रमितों की संख्या में वृद्धि हो रही है। शनिवार को 24 घंटे में 15 संक्रमित मिले हैं, इनमें नौ रांची से हैं। इससे पहले गुरुवार और शुक्रवार को क्रमशः 16 व 12 संक्रमित मिले थे।

इससे पहले की स्थिति पर गौर करें, तो रोजाना मिलने वाले संक्रमितों की संख्या गिरकर दो तक पहुंच गई थी। नये संक्रमितों की संख्या में वृद्धि के साथ ही राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। अब झारखंड में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 348189 हो गई है। शनिवार को रांची में नौ संक्रमितों के अलावा जामताड़ा में 3, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग और खूंटी में एक-एक संक्रमित मिले हैं।

शनिवार को राज्य के विभिन्न जिलों में 49041 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ है। शनिवार को राज्य में पांच लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 342974 हो गई है। इधर, राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है। पिछले सप्ताह तक सक्रिय मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट हो रही थी और गिरकर 50 के करीब पहुंच गई थी।

रविवार सुबह को सबसे अधिक 40 सक्रिय मरीज राजधानी रांची में हैं। इसके साथ ही जामताड़ा में छह सक्रिय मरीज हैं। हालांकि, राज्य में अभी भी एक दर्जन जिले ऐसे हैं, जहां एक भी सक्रिय मरीज नहीं हैं। इन जिलों में दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, हजारीबाग, कोडरमा, पाकुड़, पलामू, रामगढ़, साहिबगंज और सिमडेगा शामिल हैं।