नाबालिग की मौत के बाद चार घंटे सड़क जाम, पुलिस पर पथराव, लगी चोट

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। नाबालिग की मौत के बाद लोगों ने करीब चार घंटे न्यू रोड को जाम कर दिया। जाम हटाने पहुंची पुलिस पर पथराव किया गया। इस घटना में कुछ पुलिस जवान को चोट लगी है। जल्द ही मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्‍वासन देने के बाद लोगों ने जाम हटाया।

जानकारी हो कि न्यू रोड निवासी एक 14 साल की छात्रा का शव थाना टोली के पास स्थित राजकीयकृत बालिका मध्य विद्यालय के कुएं से शनिवार को बरामद किया गया था। वह मध्य विद्यालय से सटे बालिका उच्च विद्यालय में 9वीं कक्षा की छात्रा थी। छात्रा के पिता ने बताया कि वह 12 अगस्त को सुबह 8 बजे स्कूल जाने की बात कह ड्रेस पहन, कॉपी-किताब लेकर निकली थी। इसके बाद वो घर वापस नहीं पहुंची। इस संबंध में परिजनों ने थाना में छात्रा के लापता होने का मामला दर्ज कराया था।

कुएं में शव होने की जानकारी मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने सदर थाना को दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर एसपी प्रियंका मीणा भी पहुंची और मामले की जानकारी ली। छात्रा के परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। मृतका की पहचान इसके बाद शव को कुएं से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम 4 बजे से न्यू रोड को जाम कर दिया। मौके पर पुलिस-प्रशासन पहुंची। आपसी समझौते के चार घंटे बाद करीब शाम 8 बजे जाम हटाया गया। अफसरों ने अपनी सूझबूझ से सौहार्द को बिगड़ने से बचा लिया। परिजनों ने स्कूल की चाबी रखने वाले शख्स एवं आरोपी की धरपकड़ के साथ सजा दिलाने की मांग की।

जाम हटाने पहुंची पुलिस पर लोगों ने पथराव किया। पथराव में कुछ जवानों के सिर में चोट लगी है। अंततः एसडीओ अरविंद कुमार लाल ने कहा कि जल्द ही मामले की खुलासा करते हुए आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा। घटना के बाद शाम 4 बजे से लेकर 8 बजे तक शहर का मुख्य मार्ग बंद रहा।

पुलिस बल के साथ जिला प्रशासन अब तक शहर के मुख्य क्षेत्र और पावरगंज चौक एवं आसपास के इलाकों में पैनी नजर रखे हुए है। गश्‍ती दल लगातार शहर में भ्रमण कर रहा है। मौके पर एसडीपीओ, सीओ, कार्यपालक पदाधिकारी दल-बल मौजूद हैं।