किसानों के प्रति संवेदनशील बनें : उपायुक्त

कृषि झारखंड
Spread the love

  • जिलास्‍तरीय रबी कर्मशाला का आयोजन

रांची । रांची उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। अधिकारिक और व्यक्तिगत रूप से हमारा ये कर्तव्य है कि हम किसानों लिए संवेदनशील रहें। उनतक योजनाओं की जानकारी पहुंचायें। जानकारी का अभाव हो तो जरूर बतायें। किसानों के प्रति संवेदनशील रहें। कोई केसीसी लोन का आवेदन लेकर आता है, तो उसे तकनीकी जानकारी दें। बैंक के संपर्क में रहें, ताकि आवेदन सही जगह पहुंचे। समय पर लोन स्‍वीकृत हो जाये। किसान डायवर्सिफाई खेती करे। इंटीग्रेटेड अप्रोच से अगर फसल का नुकसान भी होता है, तो लगातार आय होती रहेगी। वे 11 दिसंबर को रांची के मोरहाबादी स्थित राम कृष्ण मिशन आश्रम ऑडोटोरियम में जिलास्तरीय रबी कर्मशाला को संबोधित कर रहे थे। कर्मशाला में प्रशिक्षण सत्र के दौरान किसानों को बेहतर फसल उत्पादन की जानकारी दी गई।

जहां डेमोंस्ट्रेशन हो रहा, वहां साइन बोर्ड लगायें

उपायुक्त ने कहा कि क्लस्टर बनाकर जहां डेमोंस्ट्रेशन किया जा रहा है, वहां साइन बोर्ड अवश्य लगायें। साइन बोर्ड में योजना का नाम, कितने किसानों का संकुल तैयार किया गया है, किस फसल के लिए डेमोंस्ट्रेशन किया जा रहा है और इसमें कितने किसान पार्टिसिपेट करेंगे, इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि इससे किसान को पता चल पायेगा कि उसकी जमीन पर सरकारी काम हो रहा है। जिला, विभाग, निदेशालय स्तर से जो भी अधिकारी जाएंगे, उन्हें पूरी जानकारी मिल पायेगी। उन्होंने अच्छे डेमोंस्ट्रेशन का अनुभव भी साझा करने का आदेश दिया।

बीजों का वितरण सही तरीके से कराएं

श्री रंजन ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत बीजों का आवंटन किया गया है। विधिवत किसानों का चयन करते हुए बीजों का वितरण सही तरीके से करें। रबी सीजन के दौरान आवश्यक है कि जितने भी राज्य और केंद्र सरकार की योजनाएं चल रही है, उसका क्रियान्वयन करायें। अधिकारी, एटीएम/बीटीएम, जनसेवक इस बात का ध्यान रखें कि किसानों को कोई दिक्कत तो नहीं हो रही। बीजों का वितरण सही तरीके से हो रहा है या नहीं।

किसानों के बीच बीज का वितरण

रबी कर्मशाला के दौरान टीआरएचए के तहत किसानों के बीच मसूर और चना बीज का वितरण किया गया। सांकेतिक रूप से उपायुक्त ने 6 किसानों के बीच बीज का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान रामकृष्ण मिशन के सचिव ने भी बेहतर कृषि और उत्पादन को लेकर अपने विचार साझा किये। उन्होंने कहा कि धरती का स्वास्थ्य अच्छा होगा तो फसल अच्छी होगी और हमारा भी स्वास्थ्य अच्छा होगा। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार, विभिन्न प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषक, उर्वरक कंपनी के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।