खेतों में अभ्यास कर पिठोरिया की तीन बेटियों ने रचा इतिहास

झारखंड खेल
Spread the love

  • राखी, नैंसी और आयुषी का झारखंड अंडर-16 फुटबॉल टीम में चयन

सुजीत कुमार केशरी

पिठोरिया। सीमित संसाधनों और खेल मैदान की कमी को अपनी राह का रोड़ा नहीं बनने देने वाली पिठोरिया क्षेत्र की तीन बेटियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्टार वॉर्स फुटबॉल क्लब की खिलाड़ी राखी कुमारी, नैंसी मुंडा और आयुषी कुमारी का चयन झारखंड अंडर-16 फुटबॉल टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी फिलहाल आंध्र प्रदेश में झारखंड टीम के साथ हैं। शुक्रवार को बिहार के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर उतरेंगी।

राखी कुमारी और नैंसी मुंडा उलातू पंचायत के चरदी गांव की रहने वाली हैं, जबकि आयुषी कुमारी कांके संग्रामपुर की निवासी हैं। ग्रामीण परिवेश से आने वाली इन खिलाड़ियों ने सुविधाओं के अभाव के बावजूद फुटबॉल के प्रति अपना जुनून बनाए रखा। खेल मैदान उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने खेतों में अभ्यास कर अपने खेल को निखारा और लगातार मेहनत करते हुए राज्य की टीम में जगह बनाई।

तीनों के चयन से उनके गांवों, परिजनों और स्टार वॉर्स फुटबॉल क्लब में खुशी का माहौल है। क्लब से पूर्व में भी कई खिलाड़ियों का चयन झारखंड टीम के लिए हो चुका है और खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पदक भी हासिल किए हैं।

स्टार वॉर्स फुटबॉल क्लब के कोच सह संस्थापक अनवर उल हक (बबलू) ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियां परिस्थितियों से नहीं, बल्कि मेहनत, लगन और हौसले से अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि मैदान की कमी हो सकती है, लेकिन खिलाड़ियों के सपनों की कोई सीमा नहीं होती।

उलातू पंचायत की मुखिया सुनीति मुंडा ने भी तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाजसेवी सह झामुमो युवा नेता वैश आलम ने भी खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की कामना करते हुए बताया कि जुमे की नमाज में उन्होंने तीनों बेटियों की सफलता के लिए दुआ की।

ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर झारखंड की अंडर-16 टीम तक पहुंची इन तीनों बेटियों की सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र की अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। खेतों से शुरू हुआ इनका सफर अब राज्य की जर्सी तक पहुंच चुका है।

हमारे साथ जुड़ें

व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *