मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन बोले- झारखंड की जनता से भाजपा ने की दगाबाजी

झारखंड
Spread the love

  • तानाशाही बीजेपी सरकार को उखाड़ना ही महागठबंधन का उद्देश्य
  • लोकसभा चुनाव में झारखंड में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा
  • गम्हरिया में आयोजित बूथ संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे सीएम

गम्हरिया। शनिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन अपने गृह जिला सरायकेला-खरसावां पहुंचे। गम्हरिया में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विकास विरोधी और तनाशाही सरकार करार दिया।

सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि तानाशाही भाजपा सरकार को उखाड़ना ही महागठबंधन का एक मात्र उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी कहकर लोगों को गुमराह करने वाली भाजपा ने झारखंड की जनता से दगाबाजी की है। यही वजह है कि लोकसभा चुनाव 2024 में झारखंड में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा।

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने गम्हरिया में आयोजित बूथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और उसके सहयोगी दलों के गठबंधन इंडिया को जिताने के लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दें। भाजपा को हराने के लिए जुट जाएं।

आदित्यपुर मंडल अध्यक्ष दीपक मंडल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने सीएम चंपाई सोरेन का स्वागत किया। इसके पश्चात चंपाई सोरेन ने उपस्थित सभी बूथ कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र में सक्रिय हो जाने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि चुनाव के दिन किसी को अपना बूथ नहीं छोड़ना है। सभी बूथ अध्यक्ष व कार्यकर्ता सुबह साढ़े छह बजे से ही बूथ पर पहुंच जायेंगे। साथ ही झामुमो के पक्ष में लोगों से वोट करने की अपील करेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारा एकमात्र उद्देश्य भाजपा सरकार को केंद्र से भगाना है। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष डॉ शुवेंदू महतो, रंजीत प्रधान, सचिन महतो, 20 सूत्री अध्यक्ष सीके गोराई, निरंजन महतो, संजय दास, दिनेश गोराई, पितोवास प्रधान समेत विभिन्न बूथ के अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित थे।