रांची। झारखंड की राजधानी रांची की निवासी उभरती प्लेबैक सिंगर स्वाति प्रसाद का नया गाना ‘रांची के छोरे’ एक जून को रिलीज हो रहा है। गाना उनके यूट्यूब चैनल स्वाति प्रसाद ऑफिशियल पर जारी होगा। गाने में रांची के अलग-अलग जगह, भोजन, संस्कृति, परंपरा, झारखंड संगीत वाद्ययंत्र का प्रयोग किया गया है।
गाने के माध्यम से रांची की सुंदरता, शहर के रमणीक स्थल, खान पान, रहन सहन और यहां के लोगों की ऊर्जा को दर्शाने का काम कर रही है। गाने में लोगों को अलबर्ट एक्का चौक, चर्च कॉम्प्लेक्स, टैगोर हिल, जगन्नाथ मंदिर समेत शहर के विभिन्न रांची के चौक चौराहों की जिंदगी लोगों को देखने को मिलेगा।
इसके अलावा ढाबे के तड़का दाल से लेकर मांदर की थाप और स्थानीय वाद्य यंत्रों की सुर ताल सब कुछ एक रंग बिरंगे ताजे गुलदस्ते की तरह देखने को भी मिलेगा। झारखंडी भाषा, पहनावा और बोल चाल एक नए फ्लेवर के साथ रिलीज होने वाला है।
स्वाति प्रसाद इस नये गाने को लेकर काफी उत्सुक है। उन्होंने बताया कि इस गाने में उन्होंने स्वयं गाया और संगीत दिया है। उन्होंने राज्य के लोगों से इस गाने को प्यार देने की अपील की है।
ज्ञात हो कि स्वाति ने टीवी के पॉपुलर क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के टाइटल ट्रैक में अपनी आवाज दी है। इसके अलावा उन्होंने आइजीटी में उपविजेता का ताज हासिल किया था।
स्वाति को बचपन से ही संगीत का शौक था। उन्होंने छह साल की उम्र से ही प्रयाग संगीत समिति इलाहाबाद से संगीत सीखा है। रांची में रहते हुए छोटे-मोटे शो करती थी। रांची दूरदर्शन की आर्टिस्ट भी रही हैं। वह झारखंड आइडियल भी रह चुकी हैं।