मुख्‍यमंत्री ने पथ निर्माण के अधीक्षण अभियंता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की दी स्‍वीकृति

झारखंड
Spread the love

  • आय से अधिक धन अर्जित करने का मामला

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा (पीई) दर्ज करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। अनिल कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक धन अर्जित करने का मामला है। आयकर विभाग को तलाशी के दौरान मिली 406.28 लाख रुपये की चल- अचल संपत्ति मिली थी।

हजारीबाग में पदस्‍थापित

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर अमल करते हुए भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर लगातार एक्शन में है।  इसी सिलसिले में उन्होंने पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता (पथ अंचल, हजारीबाग) अनिल कुमार सिंह के विरुद्ध आयकर विभाग द्वारा आय से अधिक  धन अर्जन करने से संबंधित जांच प्रतिवेदन के आधार पर पीई दर्ज करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।

यह है पूरा मामला

आयकर विभाग ने अनिल कुमार सिंह के आवास पर 22 नवंबर, 2022 को तलाशी ली गई थी। तलाशी के दौरान 406.28 लाख रुपये की चल- अचल संपत्ति मिली थी। इसमें 17.13 लाख रुपये नकद, 170.15 लाख रुपये के गहने एवं बहुमूल्य धातु, 64 लाख रुपये बैंक खातों में जमा राशि और 155 लाख रुपये परिवार के नाम पर अचल संपत्ति के रूप में मिले थे। इसे जब्त कर लिये गये थे। इस सिलसिले में प्रधान आयकर निदेशक (अन्वेषण) कार्यालय, पटना द्वारा तलाशी और जब्ती से संबंधित प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराया गया था।