Big News: पटना में भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान लाठीचार्ज, दर्जनों विधायक और सांसद घायल, जिला महामंत्री की मौत  

बिहार देश
Spread the love

पटना। इस समय की बड़ी खबर बिहार की राजधानी पटना से आ रही है। भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान पटना पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में दर्जनों विधायक और सांसद घायल हो गए। सूचना मिल रही है कि इसमें एक भाजपा नेता की मौत हो गई है।

राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने दावा किया है कि लाठीचार्ज के दौरान जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह के सिर में चोट लग गई। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, PMCH प्रशासन ने अबतक भाजपा नेता की मौत की पुष्टि नहीं की है। 

वहीं, पटना जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जहानाबाद के विजय सिंह छज्जू बाग में सड़क किनारे अचेतावस्था में पाए गए थे। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। उन्हें PMCH में भर्ती कराया गया है। विस्तृत विवरण प्राप्त किया जा रहा है।


आपको बता दें कि भाजपा के वरीय नेता और कार्यकर्ता नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मा का दर्जा देने की मांग को लेकर विधानसभा मार्च पर निकले थे। डाकबंगला चौराहा पर  तैनात पटना पुलिस ने पहले भाजपा नेताओं को पीछे हटने कहा। लेकिन, भाजपा नेता नहीं माने, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

पुलिस जवान, नेताओं और कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। इतना ही नहीं आंसू गैस के गोले भी दागे गए। पुलिस वाटर कैनन का प्रयोग कर रही है। इसी दौरान भाजपा के नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा समेत कई नेता चोटिल हो गए। इधर भाजपा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि सरकार आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। यह अन्याय है।

वहीं पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पटना पुलिस ने महिलाओं को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है। हमलोग शांतिपूर्व तरीके से आगे बढ़ रहे थे। इतने में पुलिसकर्मी लाठी बरसाने लगे। भाजपा के आंदोलन से बिहार सरकार डर गई है।