jharkhand : यहां मौजूद है 30 हाथियों का झुंड, इन बातों का रखें ख्याल

झारखंड
Spread the love

दुमका। जामताड़ा जिले से लगभग 30 (तीस) जंगली हाथियों का झुंड दुमका जिला के मसलिया प्रखंड में प्रवेश किया है। वर्तमान में हाथी मसलिया प्रखंड के वनों में हैं। इस पर वन विभाग की टीम विशेष ध्यान रखे हुए है।

वन प्रमंडल पदाधिकारी अविरूप सिन्हा ने कहा कि फिर भी आवासन के दौरान हाथियों का झुंड किसी भी तटवर्ती प्रखंड में प्रवेश कर सकता है। ऐसी परिस्थिति में जान-माल की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

हाथियों को देखने के लिए पास नहीं जायें। ना ही किसी को पास जाने दें। हाथियों के रास्ते को नहीं रोकें। भीड़ जमा नहीं होने दें। उनसे पर्याप्त दूरी बनायें रखें (कम से कम 100 मीटर)।

हाथियों को लगातार नहीं खदेड़ें। जंगल में उनका पीछा नहीं करें। इससे वे क्षुब्ध एवं हिंसक हो जाते हैं। उक्त झुंड शांत प्रवृति का है। ऐसे में झुंड के विचरण में अनावश्यक अवरोध नहीं करें।मानव हाथी द्वंद्व की परिस्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए वन विभाग का सहयोग करें।

जंगल से सटे क्षेत्र में खलिहान नहीं बनायें। खलियानों में रात को नहीं सोयें। खेतों-खलिहानों में रखे या घरों में रखे संग्रहित आनाज को हाथियों द्वारा खाते समय उन्हें नहीं छेड़े। परेशान नहीं करें।

नुकसान का प्रवधान के अनुसार उचित मुआवजा वन विभाग द्वारा दिया जाता है। इसे समय पर प्राप्त करने के लिए अविलम्ब निकटस्थ वन कर्मचारी/ पदाधिकारी / वन परिसर कार्यालय को सूचित करें।

हाथियों के चारों ओर कौतुहलवश भीड़ नहीं लगायें। हाथियों को छेड़े नहीं, विशेषकर उनपर पत्थर गुलेल, तीर, जलता हुआ टायर आदि फेंककर प्रहार नहीं करें। नशे की हालत में अकेले बाहर कभी नहीं निकले।

कोई भी आपदा की परिस्थिति में दूरभाष संख्या-8987790404 में सम्पर्क करें।