फर्जी प्रगति हॉस्पिटल के संचालक, मकान मालिक सहित इन लोगों पर प्राथमिकी

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय में अवैध रूप से संचालित प्रगति हॉस्पिटल के संचालक, डॉक्टर, अस्पताल के सभी कर्मी और मकान मालिक पर कांडी थाना में मामला दर्ज किया गया है। प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ गोविंद सेठ ने शुक्रवार को थाना में मामला दर्ज कराया।

डॉ सेठ ने अस्पताल संचालक औरंगाबाद बिहार के मुकेश कुमार, नवीनगर बिहार के डॉ चंदन मौर्य, हैदरनगर पलामू के डॉ राकेश कुमार, अस्पताल के सभी कर्मी और दोनों ही मकान के मालिक पर प्राथमिकी दर्ज कराया।

इस संबंध में कांडी थाना प्रभारी फैज रब्बानी ने बताया कि प्रगति हॉस्पिटल में छापामारी कर वहां से मेडिकल इक्विपमेंट, दवा, स्लाइन, प्रिस्क्रिप्शन पैड के अलावे सभी मेडिकल सामग्री को जब्त किया गया है।

ज्ञात हो कि उपायुक्त के निर्देश पर कांडी में वर्षों से अवैध रूप से संचालित हो रहे प्रगति हॉस्पिटल में गुरुवार को छापामारी किया गया था। प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी, डॉक्टर गोविंद सेठ व पुलिस की उपस्थिति में 5 घंटे तक छापेमारी की गई थी।

इस दौरान बड़ी मात्रा में दवा, मेडिकल इक्यूपमेंट सहित कई अन्य सामान जब्त किया गया था। इस दौरान अस्पताल संचालक, डॉक्टर व अस्पताल कर्मी फरार हो गए थे।