कर्नाटक दौरे पर जिस संत ने राहुल गांधी को दी थी ‘लिंगा’ की दीक्षा, उस पर छात्राओं का यौन शोषण करने का केस दर्ज

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। कर्नाटक के चित्रदुर्ग ज‍िले से शर्मनाक खबर सामने आयी है। कर्नाटक पुलिस ने चित्रदुर्ग जिले के एक प्रमुख लिंगायत संत के खिलाफ पॉक्सो का मामला दर्ज किया है।

बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की शिकायत के आधार पर नजराबाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मैसूर के एनजीओ ओदानदी ने पीड़ितों के साथ सीडब्ल्यूसी से संपर्क किया था और कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

न्‍यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुल‍िस ने बताया क‍ि आरोपी लिंगायत संत हाल ही में राहुल गांधी से कर्नाटक दौरे के दौरान मिले थे और स्वामीजी ने उन्हें लिंगा दीक्षा दी थी। स्वामीजी ने मेकेदातु परियोजना को शुरू करने की मांग करते हुए पदयात्रा में भी भाग लिया था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला चित्रदुर्ग ट्रांसफर होने की संभावना है।

पुलिस के अनुसार, मठ में हॉस्‍टल सुविधा में रहने वाली पीड़ित छात्राओं को किसी बहाने साधु के कमरे में भेजा जाता था। वहां लड़कियों को नशीला पदार्थ देकर खाने-पीने की चीजें दी जाती थीं और उनका यौन शोषण किया जाता था।

पीड़ितों ने बताया कि मठ में और भी कई लड़कियां हैं, जिनका यौन शोषण किया जाता है। पीड़िता ने सहायता के लिए ओदानदी एनजीओ से संपर्क किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के तौर पर लिंगायत साधु के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एफआईआर में उस महिला वार्डन को भी शामिल किया है, जो कथित तौर पर लड़कियों को भेजा करती थी। इस मामले में लड़कियों के यौन शोषण को बढ़ावा देने वाले मठ के एक जूनियर स्वामीजी और दो अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं।