आदिवासी महिला को जिंदा जलाया, लपटों से घिरी चीखती-चिल्लाती रही और वो बनाते रहे वीडियो

देश मध्य प्रदेश
Spread the love

मध्य प्रदेश। दिल दहला देने वाली घटना मध्य प्रदेश के गुना जिले की है, जहां कुछ दबंगों ने एक आदिवासी महिला के ऊपर डीजल छिड़कर उसे जिंदा जला दिया। आग में महिला करीब 80 प्रतिशत जल गई है।

बताया जाता है कि लपटों से घिरी महिला चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन दरिंदे बचाने बजाए वीडियो बनाते रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

दरअसल, यह खौफनाक घटना शनिवार दोपहर को गुना जिले के बमोरी के धनोरिया गांव में घटी। जहां आग में जलाई गई महिला के परिजन थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए पहुंचे हुए थे।

वहीं मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जांच के लिए एसपी और कलेक्टर खुद गांव पहुंचे। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछाताछ जारी है। वहीं पीड़ित महिला को भोपाल रेफर किया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए बताया कि धनोरिया गांव के अर्जुन सहरिया को कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद 6 बीघा जमीन पर तहसीलदार ने कब्जा दिया था। जिस पर गांव के कुछ दबंगों के कब्जा कर रखा था। राजस्व अमले ने आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया था। तहसीलदार न्यायालय से केस जीतने के बाद पति-पत्नी ने अपनी जमीन पर खेती करना शुरू कर दिया था।

अर्जुन की पत्नी रामप्यारी बाई इसी खेत पर बोवनी के लिए गई हुई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने आदिवासी महिला के ऊपर डीजल डालकर आग लगा दी। महिला बुरी तरह झुलस गई है, उसका इलाज किया जा रहा है।