आईसीएआर पीयर रिव्यू टीम ने वेटनरी कॉलेज का किया निरीक्षण

झारखंड
Spread the love

  • वेटनरी छात्रों ने विश्व स्वास्थ्य दिवस पर चलाया जागरुकता अभियान

रांची। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा संकाय में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत ‘हमारा गृह एवं हमारा स्वास्थ्य’ विषय पर आधारित पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं  ने पोस्टर एवं स्लोगन प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

इस प्रदर्शनी का आईसीएआर पीयर रिव्यू टीम के सदस्य डॉ वीके जैन ने भी अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों के प्रयासों की सराहना की। उनका उत्साहवर्धन किया। मानव स्वास्थ्य के साथ पशु स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने पर बल दिया।

भ्रमण के दौरान डॉ जैन ने संकाय के क्लास रूम, लेबोरेटरी, लाइब्रेरी, क्लिनिकल काम्प्लेक्स का भ्रमण किया। वर्ष 2016 से वर्ष 2021 तक संकाय की अकादमिक, अनुसंधान एवं प्रसार के कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी ली। संकाय अधीन वर्ष 2017-18 में स्थापित फिशरीज साइंस कॉलेज, गुमला एवं डेयरी टेक्नोलॉजी कॉलेज, हंसडीहा, दुमका का शुक्रवार को दल निरीक्षण करेगी।

मौके पर डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद ने बताया कि वेटनरी संकाय में एनएसएस से जुड़े छात्रों की सहभागिता से चिकित्सा शिविर, टीकाकरण, रक्तदान शिविर आदि अनेकों सफल गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम पदाधिकारी (एनएसएस) डॉ प्रवीण कुमार ने गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। मौके पर डॉ एमके गुप्ता, डॉ जगरनाथ उरांव, डॉ आलोक कुमार पांडे भी मौजूद थे।