Jharkhand : मात्र 10 दिनों में स्‍कूलों को खरीदनी है 18.20 करोड़ की खेल सामग्री

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। झारखंड के सरकारी स्‍कूलों को खेल सामग्री खरीदने के लिए 18.20 करोड़ रुपये उपलब्‍ध कराये गये हैं। उन्‍हें मात्र 10 दिनों में सामग्री खरीदने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् की निदेशक किरण कुमारी पासी ने आदेश जारी किया है। उन्‍होंने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को इस संबंध में 5 मार्च को पत्र लिखा है।

वित्तीय वर्ष 2021-22 में भारत सरकार ने समग्र शिक्षा अंतर्गत स्‍पोर्ट्स हैंड फिजिकल एजुकेशन मद में 18.20 करोड़ की राशि स्‍वीकृत की है। इसे राज्य के 35442 सरकारी विद्यालयों (प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक) में खेल सामग्री खरीदने के लिए हस्तांतरित की जा रही है। राशि भेजने के साथ ही परियोजना निदेशक ने कई निर्देश दिये हैं।

ये हैं निर्देश

भारत सरकार द्वारा दिये गये मार्गदर्शन के आलोक में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद अंतर्गत खेल और शारीरिक शिक्षा प्रभाग द्वारा तैयार किये गये कक्षावार खेल सामग्रियों की सूची एवं उपलब्ध राशि के अनुसार खेल सामग्रियों का क्रय किया जाना है।

प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय को 5000 रुपये प्रति विद्यालय की दर और माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को 7000 रुपये प्रति विद्यालय की दर से राशि विमुक्त की गई है।

खेल सामग्रियों के गुणवत्तापूर्ण क्रय एवं रख-रखाव की पूरी जवाबदेही संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक की होगी।

जिस विद्यालय में शारीरिक शिक्षा शिक्षक नहीं है, वहां विद्यालय के प्रधानाध्यापक खेल एवं शारीरिक शिक्षा में रूचि रखने वाले शिक्षक को नोडल शिक्षक के रूप में नामित कर जवाबदेही देना सुनिश्चित करेंगे।