मां की अर्थी के पास से निकली बेटे की बारात, लड़की के जीजा का भी जिंदगी ने छोड़ दिया साथ

बिहार
Spread the love

पटना। औरंगाबाद-पटना एनएच 139 पर मस्तलीचक मोड़ के समीप बाइक दुर्घटना में 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका मस्तलीचक गांव के स्व चंद्रदीप सिंह की पत्नी बुधनी देवी थी।

बुधनी देवी के बेटे की बारात निकलने ही वाली थी, लेकिन ठीक पहले दूल्हे की मां की मौत हो गई। वहीं दुल्हन के जीजा की भी मौत करंट लगने से हो गई। उसके बाद दोनों पक्षों के बीच मातम पसर गया। बताया जाता है कि बुधनी देवी के छोटे पुत्र रणधीर कुमार की बरात मदनपुर के डोमन बिगहा गांव में जाने की तैयारी हो रही थी। लोग सज-धजकर तैयार थे। बारात में खर्च करने के लिए बुधनी देवी ऊब गांव स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक से पांच हजार रुपए की निकासी करने गई।

पैसा निकाल कर अपने दामाद के साथ बाइक पर बैठ कर घर लौट रही थी। घर से चंद कदम की दूरी पर मस्तली चक मोड़ पहुंची। वहां अज्ञात वाहन के चकमे से बाइक अनियंत्रित हो गई और फिर महिला बाइक से गिर कर घायल हो गई। घायल महिला को आसपास के लोगों के सहयोग से इलाज के लिए ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वैसे घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने आगे की कार्रवाई भी पूरी की। बुधनी देवी की मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, वैसे ही सन्नाटा पसर गया और लोग सदमे में आ गए। परिवार का हर सदस्य चीत्कार करने लगा।

चंद मिनट पहले मां व अन्य परिजन बेटे की डोली सजाने में लगे थे, लेकिन अब डोली की जगह मां की अर्थी निकल गई। गांव का हर व्यक्ति शोक में डूब गया। जानकारी मिली कि बुधनी देवी पति की मौत के बाद जैसे-तैसे अपने परिवार को सहेजने में कामयाब हुई थी। बुधनी देवी के तीन बेटे रामाशीष यादव, अरविंद यादव व रणधीर यादव के बल पर घर गृहस्थी चल रही थी। छोटे बेटे की शादी के लिए उसने कई अरमान भी सजा रखे थे।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद शादी का माहौल भले ही गमगीन हो गया है, लेकिन किसी तरह लड़के की शादी कराने का फैसला लिया गया। गांव के लोगों ने तय किया कि शादी के बाद ही दूल्हे की मां का अंतिम संस्कार होगा। इधर लड़की पक्ष के लिए भी एक और दुखद खबर अभी इंतजार कर रहा था। लड़की के जीजा अचानक करंट लगने से अचेत हो गए। लटकते तार की चपेट में आकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।