दुल्हन के पहुंचने के कुछ ही देर बाद ससुराल में मच गया कोहराम, छाया मातम

देश बिहार
Spread the love

पश्चिम चंपारण (बिहार)। दुल्‍हन के पहुंचने के कुछ ही देर बाद ससुराल में कोहराम मच गया। चारों ओर से रोने की आवाज आने लगी। खुशियां मातम में तब्‍दील हो गई। यह घटना बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के साठी थाना क्षेत्र के छरदवाली बसंतपुर गांव की है।

जानकारी के मुताबिक उक्‍त गांव निवासी चंद्रशेखर गिरि‍ के पुत्र मनीष कुमार की शादी सोमवार की शाम योगापट्टी के विरती टोला के अमइठिया गांव के चंद्रिका गिरी की बेटी से हुई। धूमधाम से शादी संपन्न होने के बाद दूल्‍हा, बारात और दुल्हन को लेकर वापस घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद पारिवारिक रश्‍म अदा की जानी लगी। इस बीच अचानक दूल्हे की तबियत बिगड़ गई।

तबियत खराब होने पर परिवार वाले ने आनन-फानन में मनीष को चनपटिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसकी स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। चारों तरफ से रोने की आवाज आने लगी। दुल्‍हन रोते-रोते बेहोश होकर गिर पड़ी। मृतक की मां शीला देवी और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।

बसंतपुर पंचायत के मुखिया अजय सिंह और पूर्व सरपंच रामचंद्र यादव ने बताया कि वे भी लड़के की बारात में शामिल हुए थे। बारात में ही उसकी तबीयत खराब हो गई थी। हालांकि बाद में ठीक हो गई। मृतक अपने परिवार का इकलौता संतान था। इस घटना से पूरे गांव मातम छा गया है।