मवेशी डॉक्टर के घर में घुसे एक दर्जन डकैत, घरवालों को बना लिया बंधक, जानें फिर क्या हुआ

अपराध बिहार
Spread the love

बिहार के खगड़िया में तीज पर्व के मौके पर गुरुवार की देर रात हथियारबंद डकैतों ने घर के सदस्यों को बंधक बनाकर भीषण घटना को अंजाम दिया है।

घटना जिले के चौथम थाना क्षेत्र स्थित तेलौंछ पंचायत के वार्ड संख्या 17 की है। जहां एक मवेशी डॉक्टर के घर करीब एक दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलते हुए घर के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और घर में रखे 10.50 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी, 3.50 लाख नकद सहित कई कीमती सामान लूट कर फरार हो गये। तीज पर्व के मौके पर घर की महिलाएं सभी जेवर पहनकर संध्या में पूजा- अर्चना करने के बाद रातभर जाग रही थीं।

इसी दौरान घर पर हथियारबंद डकैतों ने धावा बोल दिया और बंदूक के बल पर सभी महिलाओं के गहने उतरवा लिए। फिर घर के सभी सदस्यों को कमरे में बंधक बनाकर घर में डकैती की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित गृहस्वामी और मवेशी डॉक्टर कुंदन कुमार के अनुसार डकैतों ने महिलाओं के पहने हुए गहने और घर में रखे हुए जेवर सहित कैश और जेवर लूटकर फरार हो गए। इसके अलावा कीमती कपड़े, आवश्यक दस्तावेज सहित कई सामान भी साथ लेते गए। डकैती की घटना के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस से संपर्क साधा और वारदात की जानकारी दी।

करीब एक घंटे बाद वहां पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। हालांकि इस मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली ही है, मगर पुलिस जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का दावा कर रही है। चौथम थानाध्यक्ष मुरारी कुमार ने बताया कि तेलौंछ गांव में डकैती हुई है। पुलिस इस मामले में गंभीरता पूर्वक जांच कर रही है। इस वारदात में जो भी शामिल हैं, उन्हें चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।