रांची। राज्य में भाजपा ने अपने शासनकाल के दौरान भारी कमीशन लेकर सरकार के कार्यों का बंदरबांट किया। अपने चहेते ठेकेदारों को काम देकर राज्य की जनता को धोखा दिया है। इसका उदाहरण कांची नदी पर बना पुल है, जो मात्र दो दिनों की बारिश को नहीं झेल सका। भाजपा सरकार के कार्यों की पोल खोलकर रख दी। उक्त बातें झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने कही है।
श्रीमती सिन्हा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किया गया निर्माण कार्य ना तो समय पर पूरा हुआ और ना ही मानकों पर खरा उतरता है। भाजपा ने अपने पसंदीदा ठेकेदारों को ही भारी कमीशन लेकर ठेके देने का कार्य किया है। इसके कारण राज्य में जितनी भी सड़क, पुल-पुलिया, भवन निर्माण या अन्य कोई कार्य हो, बर्बाद होते जा रहे हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किया गया निर्माण कार्य हैंडओवर करने से पहले ही झर झर हो जा रहे हैं। रांची का सदर अस्पताल, बुंडू के कांची नदी के ऊपर बना पुल हो या नवनिर्मित विधानसभा भवन हो। ये हल्की बारिश भी नहीं झेल पाता है। इस कार्य में ठेकेदारों की मदद भी सरकार द्वारा योजना की मॉनिटरिंग कर रहे इंजीनियर करते है, पर उन्हें भारी कमीशन दिया गया।
श्रीमती सिन्हा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि भाजपा सरकार के शासनकाल के दौरान जितने भी कार्य किये गये, उनका पुनः मूल्यांकन किया जाय। साथ हीं ऐसे ठेकेदारो को ब्लैक लिस्ट कर इंजीनियर पर भी जांच कमेटी बैठाये एवं विभागीय कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार ने जांच के लिए कमेटी का गठन किया है, जो स्वागतयोग्य है। हालांकि जांच की समयसीमा तय कर दोषियों पर कार्रवाई की जाय। जांच में दोषी पाए गए कर्मचारियों को भी बर्खास्त किया जाय। ठेकेदार से ब्याज के साथ पूरा राशि वसूली जाय, ताकि जनता की गाढ़ी कमाई को बचाया जा सके।