रांची सदर अस्पताल में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 16 लोगों की मौत

झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी रांची में कोरोना संक्रमण से मौत का तांडव जारी है। रांची के सदर अस्पताल को कोविड हॉस्पिटल घोषित किया गया है। सदर अस्पताल में पिछले 24 घंटे में 16 लोगों की मौत हो गयी। डॉक्टरों ने कहा कि बीमार होने के कारण लोग मरे। परिजनों ने बताया कि रात ढाई बजे के करीब अस्पताल में भर्ती मरीजों का ऑक्सीजन प्रेशर कम होने लगा। इस कारण बीमार लोगों की मौत हुई।

हालांकि परिजन ने डॉक्टर और नर्स पर आरोप लगाए और कहा कि डॉक्टर समय पर मरीज को देखने तक नहीं आते हैं। परिजनों के आरोप के बारे में सिविल सर्जन रांची डॉ विनोद कुमार ने कहा कि रात के समय ऑक्सीजन को लेकर थोड़ी अफरा-तफरी मची थी। ऑक्सीजन की उपलब्धता लेकर परिजनों के बीच मचने वाली होड़ के कारण यह परिस्थिति पैदा हुई। कुछ लोग अपने मरीजों के लिए जरूरत से ज्यादा सिलेंडर एकत्र करने लगे। उन्होंने इस बात को खारिज किया कि ऑक्सीजन की कमी के कारण लोगों की मौत हुई।

उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में गंभीर मरीज ज्यादा आते हैं इसलिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। डॉक्टर ने यह भी कहा कि मरीजों की जरूरत के अनुसार अस्पताल में वेंटिलेटर बेड की सुविधा नहीं है। इसलिए वह चाह कर भी छह से सात लोगों को ही वेंटिलेटर दे पाते हैं। तकनीकी सिस्टम इससे अधिक मरीजों का लोड नहीं ले पाता। उन्होंने कहा कि डॉक्टर अपना पूरा योगदान दे रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा मरीजों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मरीज बिना गंभीर अवस्था में पहुंचे अस्पताल आते हैं, तो उनके ठीक होने की संभावना ज्यादा रहती है।