झारखंड के 25 लाख से अधिक किसानों को मिला केंद्र से पैसा, जानें जिलों का हाल

कृषि झारखंड
Spread the love

  • लॉकडाउन के दौरान राज्‍य के किसानों को मिले 13 करोड़ रुपये

रांची। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लॉकडाउन के दौरान मार्च 2020 से अब तक मोदी सरकार ने झारखंड के किसानों को 13 करोड़ से अधिक की राशि दी है। यह जानकारी केंद्रीय कृषि, सहकारिता एवं गन्ना विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने लोकसभा में रांची के सांसद संजय सेठ के सवाल के जवाब में दी।

सांसद ने लोकसभा में पूछा था कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत झारखंड में अब तक कितने किसानों को लाभ मिला है। राज्यवार इसके आवंटन की स्थिति क्या है? इसके अलावा झारखंड में जिलावार किसानों को की गई भुगतान की स्थिति से संबंधित जानकारी श्री सेठ ने मांगी थी।

लोकसभा में दिये गये जवाब में केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि को लेकर राज्यवार आवंटन नहीं किया गया है। राज्यों से प्राप्त पत्र और लाभार्थियों के सत्यापित आंकड़ों के आधार पर उन्हें इसका लाभ दिया जाता है। 4 फरवरी, 2021 तक झारखंड के 25 लाख 69 हजार 646 किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया गया।

इसके अलावा झारखंड में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया गया। इसमें रांची के किसानों को 1,331,630,000 रुपये का भुगतान किया गया। इसके अतिरिक्त कोरोना संक्रमण काल में मार्च, 2020 से लेकर अब तक रांची के किसानों को 8,79,862,000 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। पूरे झारखंड के किसानों को 13,956,256,000 रुपये हस्तांतरित किए गए।