Ranchi: कांके राम मंदिर से यहां तक हटेगा अतिक्रमण, नगर आयुक्त ने की उच्चस्तरीय बैठक

झारखंड
Spread the love

रांची। बड़ी खबर नगर निगम से आई है, राजधानी के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल कांके राम मंदिर चौक से जस्टिस एल.पी.एन. शाहदेव चौक, रातु रोड चौक, हरमू बायपास होते हुए प्रोजेक्ट भवन तक का पूरा मार्ग अब अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।

रांची नगर निगम ने इस पूरे कॉरिडोर को जाम मुक्त, सुरक्षित, हरित और व्यवस्थित मॉडल कारिडोर के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में विस्तृत कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।

नगर निगम की समीक्षा में पाया गया कि इस पूरे मार्ग पर सड़क और फुटपाथ पर सब्जी विक्रेताओं का कब्जा, अनधिकृत दोपहिया पार्किंग, ठेले और अस्थायी दुकानें, दुकानों का सड़क तक विस्तार, अवैध होर्डिंग, अव्यवस्थित ऑटो स्टैंड तथा सड़क किनारे संचालित चिकन और मीट की दुकानों के कारण हर दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इससे पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी होती है।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि अभियान केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क, फुटपाथ, पार्किंग, ऑटो स्टैंड और वेंडिंग गतिविधियों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जाएगा। पूरे मार्ग को चरणबद्ध तरीके से मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए तीन विशेष प्रवर्तन टीमों का गठन किया जाएगा। दो टीम शहर के अन्य क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण हटाने का काम करेंगी, जबकि तीसरी टीम कांके राम मंदिर से प्रोजेक्ट भवन तक पूरे कॉरिडोर में दिन-रात निगरानी करेगी, ताकि हटाए गए अतिक्रमण की दोबारा वापसी न हो।

नगर निगम ने अभियंत्रण शाखा को पूरे मार्ग का सर्वे कर जहां फुटपाथ नहीं हैं, वहां नए फुटपाथ बनाने और जहां अतिक्रमण है, वहां उन्हें खाली कराने का निर्देश दिया है।

वहीं भू-संपदा शाखा सड़क के दोनों किनारों की मापी करेगी। इससे सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पूरे कॉरिडोर के सौंदर्यीकरण का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत जरूरत वाले स्थानों पर वर्टिकल गार्डन, ग्रीन पैच, आकर्षक वॉल पेंटिंग और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे।

साथ ही नागा बाबा खटाल वेजिटेबल मार्केट के पास निगम की जमीन पर स्थायी ऑटो स्टैंड विकसित किया जाएगा, जिससे सड़क पर ऑटो के कारण लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

नगर आयुक्त ने सड़कों पर आटो चालकों और अन्य वाहनों से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की गुप्त रूप से पहचान कर वीडियो साक्ष्य जुटाए जाएंगे और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

निगम ने नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

व्‍हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK

स्‍वदेशी एप पर इससे जुड़ें
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *