- आठ घंटे के भीतर पुलिस ने की कार्रवाई, 66 हजार नकद, दो मोबाइल बरामद
विश्वजीत कुमार रंजन
गढ़वा। शादी कराने के नाम पर दूसरे राज्यों के अविवाहित युवकों को जाल में फंसाकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का नगर उंटारी थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को पकड़ा है। इनमें एक किशोरी भी शामिल है। आरोपियों के पास से ठगी की 66 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गयी है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के आठ घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
लिये 1.20 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के तिखी गांव निवासी गोविंद पटेल ने 14 अक्तूबर 2026 को रात 12:20 बजे नगर उंटारी थाना में लिखित आवेदन दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भानु और उसके गिरोह के सदस्यों ने शादी कराने का झांसा देकर उनसे 1.20 लाख रुपये की ठगी की है। आरोपियों ने एक नाबालिग लड़की का रोशनी नाम से बालिग दर्शाने वाला फर्जी पहचान पत्र भेजकर शादी का भरोसा दिलाया था।
आवेदन के मुताबिक, 13 अक्तूबर को वादी पक्ष को उत्तर प्रदेश के दुद्धी बुलाया गया, जहां शादी की बात पक्की कर 1.20 लाख रुपये नकद ले लिये गये। इनमें से भानु और सविता देवी ने कथित तौर पर 54 हजार रुपये अपने पास रख लिये, जबकि शेष राशि सोनू कुमार राम को आपस में बांटने के लिए दे दी गयी।
चकमा देकर फरार
शादी की बात तय होने के बाद लड़की को वादी पक्ष के साथ भेज दिया गया। हालांकि, नगर उंटारी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर वह शौच जाने के बहाने चकमा देकर फरार हो गयी। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इस मामले में नगर उंटारी थाना कांड संख्या 208/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 316(2), 111(2) और 61(2) में प्राथमिकी दर्ज की गयी।
ऐसे काम करता था गिरोह
अनुसंधान के दौरान पुलिस के अनुसार, गिरोह दूसरे राज्यों के जरूरतमंद अविवाहित युवकों को निशाना बनाता था। शादी कराने का भरोसा देकर नाबालिग लड़की का बालिग उम्र दर्शाने वाला फर्जी पहचान पत्र भेजा जाता था। इसके बाद लड़के वालों को सीमावर्ती क्षेत्र में बुलाकर शादी के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी। रकम का बंटवारा करने के बाद लड़की शादी का नाटक करते हुए युवक के साथ निकलती थी।
फोन बंद कर लेते थे
इधर, गिरोह के अन्य सदस्य मोटरसाइकिल से पीछे-पीछे चलते रहते थे। भीड़भाड़ वाले स्थान या रेलवे स्टेशन पर लड़की बहाना बनाकर फरार हो जाती थी। पीछा कर रहे साथियों के साथ भाग निकलती थी। घटना के बाद आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद कर लेते थे, ताकि पुलिस उन तक नहीं पहुंच सके।
ये हैं पकड़े गये आरोपी
पकड़े गये आरोपियों में सोनू कुमार राम (24), निवासी नगर उंटारी; चन्दा कुमारी (30), निवासी बेलवाटिक्का, थाना डंडई; उपेन्द्र (20) और राजेश सिंह बेदी (27), दोनों निवासी चोपन थाना क्षेत्र, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
छापेमारी दल में ये शामिल
छापेमारी दल में नगर उंटारी थाना प्रभारी अविनाश राज के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक शशि कांत शुक्ला, जितेंद्र कुमार, अमित प्रशांत, सहायक अवर निरीक्षक उपेंद्र कुमार सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

