
नई दिल्ली। भारत सरकार प्रसिद्ध चित्रकार सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती के अवसर पर 125 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने जा रही है। वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में 25 नवंबर 2026 को गजट अधिसूचना जारी कर दी है।
इसके साथ ही सोभा सिंह देश के पहले ऐसे भारतीय चित्रकार बन जाएंगे, जिन्हें भारत सरकार द्वारा स्मारक सिक्के से सम्मानित किया जा रहा है।
29 नवंबर 1901 को पंजाब के हरगोबिंदपुर (गुरदासपुर) में जन्मे सोभा सिंह ने विभाजन के बाद हिमाचल प्रदेश के पालमपुर के निकट अंदरेटा को अपनी कर्मभूमि बनाया।
सिख गुरुओं, विशेषकर गुरु नानक देव और गुरु गोबिंद सिंह के उनके चित्र आज सिख आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक माने जाते हैं।
उन्होंने राष्ट्रीय नेताओं के चित्रों के साथ हीर-रांझा और सोहनी-महिवाल जैसी प्रेम गाथाओं को भी जीवंत किया। 1983 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत के अनुसार यह सिक्का मुंबई टकसाल में बनेगा। यह सामान्य प्रचलन में नहीं आएगा, बल्कि संग्रहकर्ताओं के लिए होगा। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,500 रुपये हो सकती है।
सिक्का निकेल सिल्वर धातु से बनेगा, जिसमें 60 प्रतिशत तांबा, 20 प्रतिशत निकेल और 20 प्रतिशत जिंक होगा। मुख भाग पर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष, ‘सत्यमेव जयते’, ‘भारत-INDIA’ और ₹125 अंकित होगा।
पृष्ठ भाग पर सोभा सिंह का चित्र, ‘सोभा सिंह की 125वीं जयंती’, ‘प्रकाश के साधक, मानवता के चित्रकार’ और 1901-2026 अंकित होगा। चित्र के बाईं ओर रंगों की पट्टिका और पेंटिंग ब्रश भी दर्शाए जाएंगे।

