
रांची। सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस के गंगोत्री हॉल में शनिवार को एनआईपीएम का पूर्वी क्षेत्रीय सम्मेलन-2026 आयोजित हुआ। विषय था – ‘लोग, उद्देश्य और तकनीक : मानव संसाधन प्रबंधन के भविष्य को आकार देना’।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह थे। आयोजन सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) व एनआईपीएम रांची चैप्टर के अध्यक्ष हर्ष नाथ मिश्र के मार्गदर्शन में हुआ।
इस अवसर पर हर्ष नाथ मिश्र की पुस्तक ‘RESURGAM – I Shall Rise Again’ का विमोचन किया गया। पुस्तक असफलताओं से सीखने और नए हौसले से आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
तकनीकी सत्रों में एआई से घबराने के बजाय उसे समझकर जरूरत के अनुसार अपनाने, कर्मचारी-केंद्रित कार्यस्थल बनाने, एचआर में एआई-ऑटोमेशन की भूमिका और नेतृत्व व कार्यसंस्कृति पर चर्चा हुई। आईआईएम, एक्सएलआरआई, सेल, जेएसडब्ल्यू, आईटीसी, हीरो मोटोकॉर्प समेत कई संस्थानों के विशेषज्ञों ने विचार रखे।
एक विशेष सत्र में महाभारत की शिक्षाओं के संदर्भ में प्रबंधन के मानवीय पक्ष पर चर्चा हुई। विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी हिस्सा लिया।

