

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के राजभवन के पास उग्रवादी संगठन का पोस्टर और बैनर लगाने वाले पांच अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में उपयोग किये गये मोटरसाइकिल और बोलेरो को भी जब्त किया गया। उनकी निशानदेही पर काफी संख्या में उग्रवादी संगठन का पोस्टर और बैनर बरामद किया गया है। यह जानकारी रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार झा ने शुक्रवार को मीडिया को दी।
श्री झा ने बताया कि प्रतिधित उग्रवादी संगठन TSPC द्वारा 13 दिसंबर की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रो में नारा-पोस्टर लगाया गया था। उसपर आमजन को भयभीत करने, ठीकेदार एवं सीसीएल कर्मी के विरुद्ध बंदी और फौजी कार्रवाई करने संबंधी और जिला प्रशासन एवं सरकार विरोधी नारे लिखे हुए थे। TSPC द्वारा लगाये गये बैनर-पोस्टर को पुलिस प्रशासन द्वारा जब्त किया गया था। इस संबंध में सुखदेवनगर थाना में 14 दिसंबर, 2020 को मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक सौरभ के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम को मिली सूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर इस कांड में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के क्रम में यह बात सामने आई कि गिरफ्तार अपराधियों द्वारा मोटरसाइकल और बोलेरो से घूम-घूमकर गोंदा, पिठोरिया, मांडर, रातू, सुखदेवनगर, पंडरा ओपी में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी का बैनर पोस्टर को लगाया गया था। इस कांड में उपयोग में लाए मोटरसाइकिल व बोलेरो वाहन को भी जब्त किया गया है। कांड में सलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
श्री झा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधकार्मियों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनके बयान के आधार पर पिठोरिया थाना क्षेत्र के कतरियाबाड़ा सुरबाख से काफी संख्या में उग्रवादी बैनर/पोस्टर की बरामदगी की गयी। गिरफ्तार अपराधकर्मी सुनील उरांव पूर्व में टीएसपीसी के आर्म दस्ता का सक्रिय सदस्य रह चुका है। जेल भी जा चुका है। अपराधकर्मी काली चरण मुंडा भी हत्या के कांड में एक वर्ष तक जेल में रह चुका है।

गिरफ्तार अपराधकर्मी
सुनील उरांव (34, खलारी), काली चरण मुंडा (28, रातु), देवानंद मुंडा (25, खलारी), रोशन मुंडा (22, रातु), राहुल मुंडा (19, रातु)
जब्त सामानों का विवरण
बोलेरो, मोटरसाइकिल, काफी संख्या में निवेदक उत्तरी-दक्षिणी छोटानागपुर तृतीय सम्मेलन प्रस्तुती जोनल कमेटी का बैनर/पोस्टर
छापामारी दल के सदस्य
मुकेश कुमार लुनायत (सहायक पुलिस अधीक्षक, कोतवाली), मनोज कुमार (पुलिस उपाधीक्षक, खलारी), सुनील कुमार तिवारी (थाना प्रभारी, सुखदेवनगर), अहमद अली (थाना प्रभारी, खलारी), राजीव कुमार (थाना प्रभारी, रातू), अवधेश कुमार ठाकुर (थाना प्रभारी, गोंदा) विनय कुमार यादव (पिठोरिया थाना), अमित कुमार पासवान (सुखदेवनगर थाना), सजय कुमार दास (सुखदेवनगर थाना), आशीष केशरी (सुखदेवनगर थाना) मृत्युजंय कुमार राय (सुखदेवनगर थाना), अरविंद कुमार मंडल (सुखदेवनगर थाना), सुनील कुमार (सुखदेवनगर थाना), राजीव रंजन (सुखदेवनगर थाना), रवि कुमार (रातू थाना), मो फौजल (तकनीकी शाखा)



