रांची। सीसीएल ने 27 नवंबर, 2026 को अपने अधिकारियों को व्यवस्थित प्रबंधकीय एवं नेतृत्व विकास का प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), रांची के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, महाप्रबंधक (एचआरडी) एमएफ हक सहित सीसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, आईआईएम रांची की ओर से अमित सचान, ईईसी अपनी टीम के साथ उपस्थित थे।
इस एमओयू की संकल्पना, समन्वय एवं क्रियान्वयन से लेकर हस्ताक्षर समारोह के आयोजन तक की पूरी प्रक्रिया का समन्वय सीसीएल के मुख्य प्रबंधक (एचआरडी) विकास कुमार सिंह ने किया।
इस पहल के तहत सीसीएल के विभिन्न विषयों एवं ग्रेड के 240 अधिकारियों को व्यवस्थित प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा।
सीसीएल एवं आईआईएम रांची के बीच यह सहयोग भविष्य के लिए तैयार नेतृत्व क्षमता विकसित करने और संगठनात्मक दक्षता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल कंपनी के सतत विकास एवं दीर्घकालिक उत्कृष्टता के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

