उग्रवाद प्रभावित गढ़वा जिले में बनेंगी 9 सड़कें, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

झारखंड
Spread the love

  • पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर के प्रयास से मिली सौगात

रांची। झारखंड के उग्रवाद प्रभावित जिले में नौ सड़कें बनेगी। इसकी मंजूरी केंद्र सरकार ने दे दी है। इसके तहत RCPLWEA योजना अंतर्गत गढ़वा जिले के बड़गड एवं रमकंडा प्रखंड में नौ सड़के बनेंगी। इसमें बड़गड़ की 6 एवं रमकंडा की 3 सड़कों को शामिल किया गया है। योजना के तहत 78 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर लगभग 72 करोड़ की लागत आएगी। जल्द टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर काम शुरू होगा। उक्त बातें गढ़वा के विधायक सह पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कही।

ठाकुर ने बताया कि गढ़वा को उग्रवाद प्रभावित जिलों की सूची से बाहर कर दिया गया था। इस कारण पूर्व में केंद्र सरकार को भेजी गई 28 सड़कों और 4 पुलों की सूची में गढ़वा की कोई भी योजना नहीं ली गई थी। लगभग छह महीने के अथक प्रयास के बाद इन नौ योजनाओं की स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री और केंद्रीय ग्रामीण विकास सचिव से लगातार पत्राचार कर उक्त सड़कों के निर्माण का अनुरोध किया था। उन्‍होंने आश्वासन दिया था कि गढ़वा जिले की योजनाएं ली जायेंगी।

मंत्री ने बताया कि इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से किए गए आग्रह का भी नतीजा है कि दूसरी सूची में राज्य सरकार के आग्रह को स्वीकार करते हुए केंद्र सरकार ने गढ़वा जिले की नौ सड़कों को बनाए जाने की स्वीकृति दी है। इसके लिए मंत्री ने गृह मंत्री का आभार प्रकट किया है। राज्य सरकार की ओर से मजबूती से अपना पक्ष रखने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी साधुवाद दिया है।

मंत्री ने कहा कि इस वर्ष में गढ़वा जिले की सड़क एवं पुलों की कनेक्टिविटी में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य सरकार इस दिशा में ईमानदारी पूर्वक निरंतर प्रयास कर रही है।