रांची। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कूलों के लिए जारी अवकाश तालिका को रद्द कर दिया गया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश के आलोक में निर्धारित छुट्टी का पालन किया जाएगा। इस संबंध में निदेशालय के उप निदेशक ने 31 दिसंबर को आदेश जारी कर दिया।
जारी आदेश में कहा गया है कि विभागीय सचिव के अनुमोदन से माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के (ज्ञापांक-2439, दिनांक 31.12.2021) द्वारा राज्य के माध्यमिक विद्यालयों एवं +2 विद्यालयों के लिए वर्ष 2022 की अवकाश तालिका निर्गत है।
इस संदर्भ में विभागीय अधिसूचना (संख्या-2144, दिनांक 02.11.2021) की कंडिका-7 द्वारा विद्यालयों के लिए 60 दिनों की अवकाश तालिका का निर्धारण किया गया है। माध्यमिक विद्यालयों एवं +2 विद्यालयों के लिए उसी अवकाश तालिका का पालन किया जायेगा।
इसके आलोक में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा 31 दिसंबर, 2021 राज्य के माध्यमिक विद्यालयों एवं +2 विद्यालयों के लिए निर्गत वर्ष 2022 की अवकाश तालिका को विलोपित किया जाता है। उपरोक्त पर विभागीय सचिव का अनुमोदन प्राप्त है।