

गढ़वा। गढ़वा जिले के भंडरिया प्रखंड में रहने वाली आदिम जनजाति (कोरवा) नाबालिग लड़की से गैंगरेप की घटना सामने आयी है। बीमार बहन को खाना देने आई नाबालिग को दरिंदों ने अपने हवस का शिकार बनाया।
किशोरी को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किशोरी अभी बात करने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वास्थ्य में सुधार होने पर पुलिस उससे घटना की विस्तृत जानकारी लेगी। लड़की की उम्र 12 वर्ष है। पीड़िता के बहन-बहनोई ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। उसकी बहन बीमार थी और मेदिनीनगर में भर्ती थी।

पीड़िता ईंट भट्ठे की बोलेरो से खाना लेकर अपनी बहन के पास आयी थी। जिस बोलेरो से वह अपनी बहन के पास आयी थी, उसके चालक सेमरा निवासी राहुल यादव और उसके साथी रामसेवक यादव पर गैंगरेप का आरोप लगाया गया है। घटना मेदिनीगर से सेमरा जाने के दौरान हुई। जब नाबालिग लड़की की हालत खराब हो गई, तो आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मेदिनीनगर के एसडीपीओ के. विजय शंकर ने पत्रकारों को बताया कि नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। लड़की अच्छी तरह बात नहीं कर पा रही है। जिस बोलेरो से मेदिनीनगर आयी थी, उसके चालक एवं एक अन्य पर दुष्कर्म का आरोप है। मामले की छानबीन तेजी से चल रही है।




