त्योहारों को लेकर मिठाई दुकानों की जांच, दो कारखाने सील

झारखंड
Spread the love

विश्वजीत कुमार रंजन

गढ़वा। रक्षाबंधन, दीपावली समेत अन्य त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को श्री बंशीधर नगर के विभिन्न मिठाई दुकानों और कारखानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो मिठाई कारखानों में गंदगी और संदिग्ध मिठाई मिलने पर उन्हें अगले आदेश तक सील कर दिया गया। दोनों संचालकों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा एवं अनुमंडल पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर के निर्देश पर अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरएस सिंह, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेमब्रम एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया।

टीम ने मेन रोड स्थित खप्पर बाबा स्वीट्स, पूर्णानगर स्थित शिवम् स्वीट्स, न्यू शिवम् स्वीट्स के कारखाने, खप्पर बाबा स्वीट्स कारखाना, चेचरिया स्थित संतोष स्वीट्स, बंशीधर स्वीट्स, श्री लक्ष्मी हरी स्वीट्स, हनुमान मोड़ स्थित अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट व सुमित स्वीट्स समेत अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की।

120 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट कराया

शिवम् स्वीट्स के कारखाने की जांच के दौरान करीब 120 किलो संदिग्ध रसगुल्ला और 10 किलो परवल मिठाई मिली। मिठाई में हरे रंग की अधिकता पाये जाने पर दोनों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। कारखाने में साफ-सफाई की भी कमी मिली।

टीम ने यहां से खोआ मिठाई के दो नमूने जांच के लिए लिये। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नगर पंचायत की टीम ने कारखाने को अगले आदेश तक सील कर दिया।

इसी तरह न्यू शिवम् स्वीट्स के कारखाने में भी भारी गंदगी और जलजमाव की स्थिति मिली। यहां से 100 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट कराया गया! छेना का नमूना जांच के लिए लिया गया। संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के साथ कारखाने को भी अगले आदेश तक सील कर दिया गया।

खराब पनीर को नष्ट कराया

खप्पर बाबा स्वीट्स के कारखाने में जांच के दौरान व्यवस्था मानक के अनुरूप पायी गयी। यहां से रसगुल्ला एवं परवल मिठाई के नमूने जांच के लिए लिये गये। वहीं शिवम् स्वीट्स के निरीक्षण के दौरान मिठाई का सीरा साफ करने में इस्तेमाल किये जा रहे इंडस्ट्रीयल यूज के हाइड्रा को जब्त किया गया।

हनुमान मोड़ स्थित अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट में जांच के दौरान खराब पनीर पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। संचालक को खाद्य सामग्री में किसी भी प्रकार के केमिकल रंग का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया।

लाइसेंस के साथ कारोबार करें

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के कारोबार नहीं करने का निर्देश दिया गया। लाइसेंसधारियों को प्रतिष्ठान में लाइसेंस प्रदर्शित करने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और मिठाइयों को ढंककर रखने की हिदायत दी गयी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जायेगी।

निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

हमारे साथ जुड़ें

व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।