- ओयना टोंगरी की बंद पत्थर खदान से मिला था शव
आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। लोहरदगा पुलिस ने हुसैन अंसारी हत्याकांड का महज सात घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अरमान खान और मोहम्मद सहवाज अहमद उर्फ राज मृतक के दोस्त थे। ओयना टोंगरी की बंद पत्थर खदान से शव मिला था।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि हुसैन अंसारी, अरमान खान और सहवाज अहमद उर्फ राज आपस में मित्र थे। तीनों नशा करने के आदी थे। घटना की रात तीनों दुर्गाबाड़ी लेन स्थित सहवाज के घर पर एकत्र हुए, जहां उन्होंने डेंडराइट का नशा किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान हुसैन अंसारी ने अरमान खान को दांत से काट लिया। इससे नाराज होकर दोनों आरोपियों ने बेल्ट के बकल, लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद तीनों नशे की हालत में एक ही बिस्तर पर सो गए।
मध्य रात्रि में जब सहवाज की नींद खुली तो उसने देखा कि हुसैन अंसारी की सांसें बंद हो चुकी थीं। उसका शरीर अकड़ गया था। इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। अगले दिन करीब 150 रुपये में हेक्सा ब्लेड खरीदा। दो बोरी की व्यवस्था की। शव के सिर और पैर काटकर एक बोरी में और धड़ को दूसरी बोरी में रखा।
दोनों आरोपी स्कूटी से शव को ठिकाने लगाने निकले। रास्ते में कुटमू-ओयना टोंगरी मार्ग पर एक बोरी स्कूटी से गिर गई, जिसे उन्होंने सड़क किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। दूसरी बोरी को ओयना टोंगरी स्थित बंद पत्थर खदान के पानी में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के शेष हिस्से, हत्या में प्रयुक्त हेक्सा ब्लेड (फ्रेम सहित) तथा शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर ले जाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी (संख्या जेएच-08 के-1173) बरामद कर ली है।
इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले का त्वरित उद्भेदन किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले की आगे की जांच जारी रखने की बात कही है।
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK

