Ranchi: वाहन जांच की हकीकत जानने हेलमेट पहन कर बाइक से निकले एसएसपी, चार थाना प्रभारियों को किया शोकॉज

झारखंड
Spread the love

रांची। मंगलवार को राजधानी रांची में वाहन जांच की हकीकत जानने बाइक से एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा सड़क पर निकले। इसी कड़ी में दो पहिया वाहनों की जांच में लापरवाही बरतना थाना प्रभारियों को महंगा पड़ गया। निर्देश के बावजूद वाहनों की जांच में ढिलाई बरतने पर रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने चार थाना प्रभारियों को शोकॉज किया है।

सख्ती से वाहनों की जांच करने वाली अल्बर्ट एक्का चौक की टीम को पुरस्कृत करने का निर्देश दिया है। बता दें कि वाहनों की जांच की हकीकत जानने वे खुद बाइक से सड़क पर निकले और कार्रवाई का निर्देश दिया है। हेलमेट पहने होने के कारण पुलिसकर्मी अपने कप्तान को पहचान तक नहीं सके।

रांची में वाहन चेकिंग अभियान में ढिलाई बरतने के कारण एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने थाना प्रभारियों को शोकॉज किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने दो पहिया वाहनों की सघन जांच आज मंगलवार की सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक करने का निर्देश दिया था। इसकी हकीकत जानने वे खुद सड़क पर निकले और बाइक चलाते हुए वाहन चेकिंग अभियान का सच देखा।

रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल चौक), सुजाता चौक, अरगोड़ा चौक, न्यू मार्केट चौक एवं लालपुर चौक पर दो पहिया वाहनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया था।

वाहन चेकिंग अभियान की जमीनी हकीकत की जांच करने के लिए स्वयं रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा बाइक से सिविल ड्रेस में सड़क पर निकले। हेलमेट पहने वह सड़क पर बाइक ड्राइव करते दिखे। तस्वीर में वे ऑटो और रिक्शावाले के पीछे सिर पर हेलमेट लगाए बाइक चलाते दिख रहे हैं। हेलमेट पहने होने के कारण पुलिसवाले उन्हें पहचान नहीं सके।

रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने सड़क पर बाइक चलाने के दौरान पाया कि अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल चौक) पर दो पहिया वाहनों की जांच कड़ाई से की जा रही थी, लेकिन अन्य स्थानों पर जांच में काफी ढिलाई बरती जा रही थी। इससे वे काफी नाराज हुए।

रांची के जिन स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान सही तरीके से नहीं चलाया जा रहा था, उनको शोकॉज किया गया है। सुखदेव नगर, लालपुर, चुटिया एवं अरगोड़ा थाना प्रभारी से रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने स्पष्टीकरण पूछा है।