Jharkhand: हजारीबाग की चरही घाटी में भीषण हादसा, स्कॉर्पियो सवार 4 की मौत, रजरप्पा पूजा करने आ रहा था परिवार

झारखंड
Spread the love

हजारीबाग। दुखद खबर झारखंड के हजारीबाग से आई है। यहां चरही घाटी में शुक्रवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई। सभी मृतक और घायल बिहार के बताए जा रहे हैं।

सड़क दुर्घटना इतना भयावह थी कि गाड़ी के परखचे उड़ गए। पुलिस के अनुसार स्कार्पियो गाड़ी में सवार तीन व्यक्तियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। जबकि एक व्यक्ति की मौत अस्पताल में इलाज के लिए लाने के क्रम में हो गई। पुलिस ने सभी की बॉडी को गाड़ी से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6.30बजे चरही घाटी के यूपी मोड़ के निकट दुर्घटना हुई। स्कॉर्पियो पर सवार सभी लोग बिहार के मुजफ्फपुर से रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका मंदिर पूजा करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया।

इसके कारण गाड़ी डिवाइडर को तोड़ते हुए विपरीत दिशा में जाकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखचे उड़ गए। हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पूजा करने के लिए ले जा रहे बकरे की भी मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही चरही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। फिर हाइड्रा और किरान की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन से मृतकों और घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सभी घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मृतकों को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।