जिम में वर्कआउट कर रहा था इंजीनियर, अचानक आ गई मौत, जानें पूरा मामला

Uncategorized देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। हैरान कर देने वाली खबर राजधानी दिल्ली से आई है, जहां रोहिणी में जिम में वर्कआउट (Workout in GYM) करते समय ट्रेडमिल (Tredmill) में करंट आ गया, जिससे युवक की मौत हो गई।

इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जायजा लिया। इस मामले में जिम संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना दिल्ली के रोहिणी की है। रोहिणी सेक्टर 19 में रहने वाला सक्षम प्रूथी रोहिणी इलाके में ही जिम्प्लेक्स फिटनेस जोन में एक्सरसाइज करने जाते थे। सक्षम ने बीटेक कर रखा था। वह गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करते थे।

मंगलवार सुबह करीब 7.30 बजे जब सक्षम एक्सरसाइज कर रहे थे, उसी दौरान ट्रेडमिल में करंट दौड़ गया। सक्षम ट्रेडमिल पर रनिंग करने के बाद रेस्ट के लिए ट्रेडमिल नंबर दो और तीन के बीच में बैठे थे। तभी वह पीछे की ओर गिर गये।

इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। जिम में वर्कआउट कर रहे अन्य लोगों ने तुरंत ट्रेडमिल का स्विच बंद किया और लोगों की मदद से सक्षम को उठाकर सीआर दिया। इस बीच शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सक्षम को मृत घोषित कर दिया।

इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सका। सक्षम इंजीनियर थे। वह अपने पिता का इकलौता बेटे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस का कहना है कि सक्षम की मौत ट्रेडमिल में करंट आने की वजह से हुई। जिम में जब वह वर्कआउट कर रहे थे, उसी वक्त ट्रेडमिल में करंट आ गया। सक्षम करंट की चपेट में आ गये।

इस मामले में सक्षम के परिजनों की शिकायत पर जिम संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि लापरवाही से मौत की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी जिम संचालक अनुभव दुग्गल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।