अब इस हफ्ते नहीं है मॉनसून आने के आसार, इन राज्यों में है बारिश की संभावना

देश मौसम
Spread the love

नई दिल्ली। दिल्ली व एनसीआर लगातार चार दिन से लू का प्रकोप झेल रहा था। कल दोपहर 3 बजे मौसम में बदलाव शुरू हुए। बादल छाए और फिर पांच बजे के बाद तेज आंधी आई।

इसके कुछ पल में कहीं बूंदाबांदी तो कुछ जगहों पर बारिश शुरू हो गई। हालांकि बारिश का यह दौर अधिक लंबा नहीं था। आंधी के दौरान हवा 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से बह रही थी। ठंडी हवाओं के झोंकों ने लोगों को ताजा करने का काम किया। लेकिन यह राहत अधिक समय के लिए नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में अगले 5 से 6 दिन मॉनसून आने की संभावना नहीं है, लेकिन महीने के दूसरे हफ्ते के दूसरे हिस्से से इसके जोर पकड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, देश में दक्षिण पश्चिम मानसून जुलाई में सामान्य रहने की संभावना है। आज असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल , सिक्किम और बिहार में भारी बारिश की संभावना है। बिहार में अब भी बारिश जारी है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तराखंड और तमिलनाडु में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भीषण बाढ़ की स्थिति देखने को मिली है। कोशी और ब्रह्मपुत्र के साथ ही नारायणी, बागमती, कमला और गंडक जैसी नदियों में बाढ़ की स्थिति इस साल पहले से ही गंभीर है। इसके अलावा, अगले पांच दिनों के लिए भारी मानसूनी बारिश के पूर्वानुमान से पूरे क्षेत्र में स्थिति और खराब होने की संभावना है।