JHARKHAND: अब दिव्यांगों के लिए खूंटी में ही बनेंगे कृत्रिम अंग और उपकरण

झारखंड
Spread the love
  • एसजीवीएस अस्पताल में खुला श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति का केंद्र

खूंटी। गुरुवार को झारखंड के खूंटी जिले में सामाजिक संस्था श्री महावीर विकलांग सहायता समिति ने अपने खूंटी केंद्र का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष पद्मभूषण कड़िया मुंडा, पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, चिन्मय मिशन के स्वामी परिपूर्णानंद और अन्य अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप जलाकर, फीता काटकर और नारियल फोड़कर केंद्र का उद्घाटन किया।

अतिथियों का स्वागत स्वामी दयानंद नेत्रालय की बहनों ने माथे पर कुमकुम लगाकर और अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया। सेवा गीत मुसाफिर विश्वकर्मा ने प्रस्तुत किया। संस्था के अध्यक्ष ललित केडिया ने संस्था के कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि अब खूंटी में ही कृत्रिम अंग का निर्माण भी होगा। इतना ही नहीं गांव में मोबाइल एंबुलेंस के माध्यम से गांव में ही अंग का निर्माण कर जरूरतमंदों को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश में इसके 28 केंद्र हैं।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि मंत्रालय संस्था को हर संभव मदद करे। पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने सरकार से मदद की अपील की। सचिव नेमी अग्रवाल ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न प्रदान किया। पद्मभूषण कड़िया मुंडा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

मौके पर लायंस क्लब ऑफ रांची इस्ट के अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, राजेन्द्र अग्रवाल, अंचल किंगर, डॉ संगीत श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार, सी लाल, एसजीवीएस अस्पताल के निदेशक डॉ निर्मल सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।