रांची में विशेष मध्यस्थता अभियान के तहत 14 मामलों का निपटारा                    

झारखंड
Spread the love

रांची। गुरुवार को रांची सिविल कोर्ट में पांच दिनी विशेष मध्यस्थता अभियान के चौथे दिन फैमिली कोर्ट और विभिन्न न्यायालयों से 14 मामलों का निपटारा किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रंजन ने बताया कि विशेष मध्यस्थता अभियान के दौरान कुल 22 मामले मध्यस्थता केंद्र में भेजे गए थे। 22 मामलों में से 14 मामलों में सफलता मिली। दोनों पक्ष-राजी-खुशी से अपने मामले को समाप्त करने के लिए तैयार हो गए। आठ मामलों में अभी अंतिम स्तर की बातचीत की संभावना को देखते हुए अगले स्तर की सुनवाई के लिए लंबित हैं।

विशेष मध्यस्थता अभियान में तलाक संबंधी मामले, वैवाहिक पुनर्स्थापना के मामले, दत्तक ग्रहण के मामले, भरण-पोषण के मामले, बच्चों के संरक्षकता एवं अभिरक्षा के मामले, परिवार न्यायालय में लंबित अन्य मामले, दहेज प्रतिषेध अधिनियम के मामले, घरेलू हिंसा के मामले, घरेलू हिंसा अधिनियम के मामलों का निष्पादन आपसी सहमति से किया जा रहा है।

यहां बता दें कि विशेष मध्यस्थता अभियान के पहले दिन 42, दूसरे दिन 26 और तीसरे दिन 20 मामलों का निपटारा किया गया था। मध्यस्थता अभियान 16 जून तक चलेगा।