JHARKHAND: फिर बढ़ी सरकारी-प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी, आदेश जारी, देखें नई तारीख

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड में पिछले कुछ दिनों से झुलसा देने वाली गर्मी का प्रकोप जारी है। भारत मौसम विभाग रांची केंद्र ने झारखंड में प्री-मानसून और मानसून की बारिश 19 जून के बाद शुरू होने की संभावना जताई है। बारिश की संभावना के बावजूद मौसम विभाग का कहना है कि पूरे महीने के दौरान झारखंड के लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। 

आज (रविवार) भी तापमान में तपिश के साथ गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रहा है। इसको लेकर शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने एक बार फिर फैसला लेते हुए स्कूलों की छुट्टी को बढ़ा दिया है। शिक्षा सचिव ने कहा कि राज्य में ज्यादा गर्मी पड़ने और लू को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया गया है।

सरकार ने उसके लिए एक नई तारीख जारी की है। अब झारखंड में कक्षा KG से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूल 19 से 21 जून तक बंद रहेंगे। वहीं क्लास 9 से 12 तक के स्कूल सुबह 7 बजे से 11 बजे तक ही संचालित होगी।

यह आदेश राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालय पर लागू होगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

जारी आदेश में कहा गया है कि इस अवधि में बच्चों की पढ़ाई में होनेवाली क्षति की भरपाई के संबंध में अलग से निर्णय लेते हुए सूचित किया जायेगा।