बिहार में 24 घंटे में लू लगने से 12 लोगों की मौत, रेड अलर्ट जारी

बिहार देश
Spread the love

पटना। बिहार में पिछले दस दिनों से भीषण गर्मी का कहर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य में पिछले 24 घंटे में लू से 12 लोगों की मौत हो गयी है। इसमें से कुछ लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

भोजपुर में गुरुवार को चार बुजुर्गों और दो युवकों की मौत हो गई है। परिजनों ने लू लगने से मौत की बात कही है। डॉक्टरों ने भी लू के लक्षण बताए हैं। पुलिस ने दो की पहचान कर ली है। बाकी की पहचान हो रही है।

गया के खजूरी में लू से 60 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो‎ गई। वह ठेकेदार के मुंशी के रूप में काम करते थे। गुरुवार को खजूरी‎ उत्क्रमित हाई स्कूल के भवन निर्माण देखने के दौरान उनकी तबीयत‎ खराब हो गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज‎ के दौरान उनकी मौत हो गई।

जमुई के झाझा रेलवे स्टेशन पर बलिया-सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान यूपी के बलिया जिले की रहने वाली रेखा शर्मा (46) की भीषण गर्मी के कारण तबीयत खराब हो गयी। महिला के साथ यात्रा कर रही दूसरी महिला ने झाझा स्टेशन पर आरपीएफ को महिला के बीमार होने की सूचना दी।

आरपीएफ ने महिला को झाझा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसे जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां महिला की मौत हो गई।

जमुई में ही लू लगने से अजीत कुमार की मौत हो गयी। अजीत लघु सिंचाई विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। गर्मी में काम के सिलसिले में रोजाना घर से बाहर आने जाने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गयी।

सासाराम जिला मुख्यालय में तैनात दो सैप जवानों की मौत लू लगने से हो गई। दोनों जवान कचहरी के गेट नंबर पर तैनात थे। गुरुवार दोपहर सैप जवान गौरी प्रसाद और यमुना यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत देर शाम हो गई।

नालंदा जिले में लू लगने से 45 वर्षीय पंपपाल सिंह की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि पंपपाल सिंह घर से पास के ही खेत में गए थे। बहुत देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन ने उन्हें खोजा। ग्रामीणों ने उनकी मौत की सूचना दी। घटनास्थल से उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने लू के कारण मौत की बात बतायी।